चंडीगढ़, 10 मार्च: पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने पंजाब विधानसभा में पेश किए गए बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट महिलाओं के अधिकारों और उनकी सामाजिक स्थिति को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लेकर आया है।
महिलाओं के लिए बड़ी सौगात
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पेश किया गया यह बजट पंजाब की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती ही उनकी असली आज़ादी और सामाजिक सम्मान की मजबूत नींव है।
‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ से मिलेगा सम्मान
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा शुरू की गई “मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना” महिलाओं के सम्मान को बहाल करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का फैसला भी कमजोर वर्गों को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है।
इतिहास में महिलाओं ने झेला सबसे ज्यादा दर्द
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब ने विदेशी हमलों, देश के विभाजन, आतंकवाद और नशे जैसी कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया है और इन दौरों में सबसे अधिक पीड़ा महिलाओं ने ही झेली है। उन्होंने प्रसिद्ध लेखिका अमृता प्रीतम का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी लेखनी में पंजाब की बेटियों का दर्द और संघर्ष स्पष्ट दिखाई देता है। मंत्री ने बताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत “मेरी रसोई योजना” के माध्यम से लगभग 40 लाख परिवारों को भोजन सुरक्षा मिल रही है, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग को बड़ी राहत मिली है।
हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखकर बना बजट
उन्होंने कहा कि यह बजट केवल महिलाओं के लिए ही नहीं, बल्कि बुजुर्गों, आंगनवाड़ी वर्करों, हेल्परों, आशा वर्करों, मिड-डे मील वर्करों और मजदूर वर्ग सहित समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। डॉ. बलजीत कौर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बजट पंजाब के लोगों के लिए जनहितैषी और यादगार बजट साबित होगा।
यह भी देखें : 2027 में फिर बनेगी ‘आप’ सरकार : भगवंत मान

More Stories
पंजाब विधानसभा में आवारा कुत्तों का मुद्दा गूंजा, लुधियाना में बनी पहली डॉग सैंक्चुरी: संजीव अरोड़ा
भाजपा के पूर्व मंत्री सतपाल गोसाईं के पोते अमित गोसाईं अकाली दल में शामिल
2027 में फिर बनेगी ‘आप’ सरकार : भगवंत मान