नई दिल्ली, 10 मार्च : मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब अपने चरम पर पहुंच गया है। इज़राइल, अमेरिका और ईरान के बीच टकराव लगातार तेज होता जा रहा है और कोई भी पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लगातार मिसाइलें और ड्रोन दागे जा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में संकट गहराता जा रहा है। जंग के दौरान खाड़ी देशों पर भी मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं। ईरान ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, इराक और कुवैत सहित कई देशों में हमले किए हैं, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है।
हिज़्बुल्ला का ड्रोन हमला
ईरान के समर्थन वाले संगठन हिज़्बुल्ला ने भी इज़राइल पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। हिज़्बुल्ला द्वारा किए गए इन हमलों के बाद इज़राइली सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए लेबनान में हिज़्बुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाया। दूसरी ओर ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात में कई स्थानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया है। रिपोर्ट के अनुसार इराक में यूएई के दूतावास पर भी हमला हुआ है।
पीएम मोदी की एक कॉल से शांति की उम्मीद
इन घटनाओं के बीच भारत में संयुक्त अरब अमीरात के पहले राजदूत हुसैन हसन मिर्ज़ा अलसयेग ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक फोन कॉल से हालात शांत हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यूएई दोनों पक्षों के साथ संबंध बनाए रखना चाहता है। राजदूत ने कहा कि ईरान का पड़ोसी होने के बावजूद यूएई के पास ईरान-इज़राइल संघर्ष में शामिल होने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने बताया कि यूएई के दोनों पक्षों से संबंध हैं और अब्राहम समझौता के तहत इज़राइल के साथ भी उसकी साझेदारी है।
इज़राइल का ईरान पर बड़ा हमला
इज़राइली सेना ने बताया कि उसकी वायुसेना ने ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए हैं, जिनमें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े ड्रोन मुख्यालय भी शामिल हैं। इन हमलों में ड्रोन स्टोरेज सेंटर और हवाई रक्षा प्रणालियों को भी निशाना बनाया गया।
इस संघर्ष पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने कई मायनों में जीत हासिल कर ली है, लेकिन अभी अंतिम जीत बाकी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका पहले से अधिक दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है ताकि लंबे समय से बने खतरे को हमेशा के लिए खत्म किया जा सके।
यह भी देखें : स्कूल पर हमले को लेकर ट्रंप के दावे पर उठे सवाल: बेलिंगकैट

More Stories
स्कूल पर हमले को लेकर ट्रंप के दावे पर उठे सवाल: बेलिंगकैट
ईरानी महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को वापस न भेजे ऑस्ट्रेलिया: डोनाल्ड ट्रंप
कनाडा में पंजाबी यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल हत्याकांड पर खालिस्तानी पन्नू बोला…