March 11, 2026

न‍िक जोनस के परिवार में शोक, बचपन की दोस्त माया किबेल का निधन

न‍िक जोनस के परिवार में शोक, बचपन की...

नई दिल्ली, 11 मार्च : बॉलीवुड और हॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकी अभिनेत्री Priyanka Chopra और उनके पति Nick Jonas से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार जोनस परिवार ने अपने एक बेहद करीबी सदस्य को खो दिया है। बताया जा रहा है कि निक जोनस की बचपन की दोस्त और मुंहबोली बहन माया किबेल (Maya Kibel) का 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी Wilson Disease से जूझ रही थीं।

जोनस परिवार से था गहरा रिश्ता

माया किबेल का जोनस परिवार के साथ कई वर्षों पुराना रिश्ता था। वह Jonas Brothers के सदस्यों की बचपन की दोस्त और पड़ोसी भी रही थीं। खास तौर पर निक जोनस और माया के बीच बेहद गहरी दोस्ती थी। दोनों साथ बड़े हुए थे और एक-दूसरे को भाई-बहन की तरह मानते थे। यही कारण है कि माया के निधन की खबर से निक जोनस और उनका परिवार गहरे सदमे में है।

मां ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

माया किबेल के निधन की जानकारी उनकी मां क्योको किबेल (Kyoko Kibel) ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने भावुक पोस्ट में बताया कि उनकी बेटी लंबे समय से गंभीर बीमारी से लड़ रही थी। उन्होंने लिखा कि माया ने इस बीमारी के खिलाफ काफी संघर्ष किया, लेकिन आखिरकार उनका शरीर जवाब दे गया।

7 मार्च को बिगड़ी थी तबीयत

क्योको किबेल के अनुसार 7 मार्च 2026 की सुबह माया अचानक बेहोश हो गई थीं। उस समय उनके दिल और फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाकर आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनके निधन से परिवार और करीबी लोगों में शोक की लहर है।

यह भी देखें : गायक बादशाह के खिलाफ केस दर्ज, लुकआउट सर्कुलर की प्रक्रिया शुरू