March 15, 2026

इज़रायल के एयर डिफेंस मिसालें खत्म, नेतन्याहू की मौत को बताया गलत

इज़रायल के एयर डिफेंस मिसालें खत्म...

तेल अवीव, 15 मार्च : इजरायल को अपने एयर डिफेंस सिस्टम में मिसाइलों की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिसकी जानकारी उसने अमेरिका को दी है। सेमाफोर के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि इजरायल ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के कारण उसके बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर की संख्या काफी घट गई है। इस स्थिति में इजरायल को ईरान के हवाई हमलों को रोकने में कठिनाई हो सकती है।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि इजरायल पहले से ही इंटरसेप्टर की कमी के साथ युद्ध में शामिल हो चुका है, और उसने पिछले साल जून में ईरान के साथ झड़पों के दौरान इनका उपयोग किया था। 28 फरवरी से ईरान के साथ चल रहे युद्ध में इजरायल के लंबी दूरी के हवाई रक्षा तंत्र पर दबाव बढ़ गया है, क्योंकि ईरान ने अपनी मिसाइलों में क्लस्टर गोला-बारूद का समावेश करना शुरू कर दिया है, जिससे इजरायल के इंटरसेप्टर की कमी और भी गंभीर हो सकती है।

अमेरिका भेजेगा इंटरसेप्टर?

इजरायल ने अमेरिका से गुहार लगाई है लेकिन अभी भी साफ नहीं है कि वह इजरायल को इंटरसेप्टर देगा या नहीं। अमेरिका की इजरायल को पिछली सैन्य सहायता पैकेजों में मिसाइल रक्षा प्रणालियां शामिल थीं। इजरायल को और इंटरसेप्टर देने से अमेरिका के अपने मिसाइल भंडार पर दबाव पड़ सकता है।

ईरान बोला- अगर नेतन्याहू जिंदा है तो उसे ढूंढकर मारेंगे

आज अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का 16वां दिन है। इस दौरान, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक गंभीर बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि यदि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जीवित हैं, तो उन्हें खोजकर मारने का प्रयास किया जाएगा। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने नेतन्याहू को “बच्चों का हत्यारा” करार देते हुए कहा है कि यदि वह अभी भी जिंदा हैं, तो उनकी तलाश पूरी ताकत से की जाएगी।

यह बयान तब आया जब 13 मार्च को नेतन्याहू का एक वीडियो संदेश सामने आया, जिसमें उनके दाहिने हाथ में छह अंगुलियों का दिखना चर्चा का विषय बना। कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इस वीडियो को एआई या डीपफेक तकनीक से तैयार किया गया बताया, यह दावा करते हुए कि यह असली नेतन्याहू नहीं हैं। इसके बाद यह भी कहा गया कि ईरान के हमले में नेतन्याहू की हत्या हो गई या वह जर्मनी भाग गए हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि नेतन्याहू सुरक्षित हैं और ऐसी खबरें पूरी तरह से फर्जी हैं।

यह भी देखें : इजराइल–लेबनान तनाव बढ़ा, युद्ध रोकने की अपील