March 16, 2026

खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कायम माता वैष्णो देवी यात्रा जारी

खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह...

कटरा, 16 मार्च : माता वैष्णो देवी मंदिर की पवित्र यात्रा खराब मौसम के बावजूद सुचारू रूप से जारी है। त्रिकूट पर्वत क्षेत्र में कभी बारिश तो कभी तेज ठंडी हवाओं का दौर चल रहा है, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। श्रद्धालु “जय माता दी” के जयकारों के साथ लगातार भवन की ओर बढ़ रहे हैं। रविवार तड़के शुरू हुई बारिश दिनभर रुक-रुक कर होती रही। इसके बावजूद श्रद्धालु कटरा पहुंचकर रजिस्ट्रेशन काउंटरों से RFID कार्ड प्राप्त कर रहे हैं और परिवारों के साथ भवन की ओर यात्रा शुरू कर रहे हैं।

सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के विशेष इंतजाम

खराब मौसम को देखते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के विशेष प्रबंध किए गए हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और आपदा प्रबंधन की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं। श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।

मौसम खराब होने के कारण त्रिकूट पर्वत क्षेत्र में घना कोहरा और बादल छाए रहे, जिससे कटरा से चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा दिन का अधिकांश समय बंद रही। हालांकि भवन मार्ग पर चलने वाली बैटरी कार सेवा और भवन से भैरव घाटी के बीच चलने वाली रोप-वे (केबल कार) सेवा सामान्य रूप से जारी रही।

चैत्र नवरात्रि की तैयारियां तेज

19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। 14 मार्च को करीब 36 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए, जबकि 15 मार्च को दोपहर 3 बजे तक लगभग 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

यह भी देखें : राज्यसभा चुनाव: सम्राट चौधरी बोले – हमारे पांचों उम्मीदवार जीतेंगे