March 21, 2026

एल.पी.जी. की किल्लत से परेशान लोग c का करें ध्यान से इस्तेमाल

एल.पी.जी. की किल्लत से परेशान लोग...

नई दिल्ली, 21 मार्च : देश में इन दिनों LPG गैस सिलेंडरों की कमी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कई जगहों पर लोगों को महंगे दामों पर गैस खरीदनी पड़ रही है, जबकि कई परिवारों को सिलेंडर मिल ही नहीं रहा। ऐसे में लोग मजबूरी में इंडक्शन चूल्हों का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, इंडक्शन का इस्तेमाल करते समय कुछ गलतियां भारी नुकसान का कारण बन सकती हैं।

खाना बनाते ही तुरंत स्विच बंद करना

अक्सर लोग खाना बनने के तुरंत बाद इंडक्शन का मेन स्विच बंद कर देते हैं। जबकि इसके अंदर लगा फैन मशीन की गर्मी बाहर निकालता है। तुरंत बंद करने से गर्मी अंदर ही रह जाती है और मशीन के पार्ट्स खराब हो सकते हैं। इसलिए फैन रुकने तक इंतजार करें।

वेंटिलेशन को ब्लॉक करना

इंडक्शन के नीचे और किनारों पर छोटे-छोटे वेंट होते हैं, जिनसे गर्म हवा बाहर निकलती है। अगर ये रास्ते कपड़े या गंदगी से बंद हो जाएं, तो मशीन ओवरहीट हो सकती है और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है।

गलत बर्तनों का इस्तेमाल

इंडक्शन पर केवल मैग्नेटिक बेस वाले बर्तन ही सही तरीके से काम करते हैं। गलत बर्तन इस्तेमाल करने से खाना ठीक से नहीं बनेगा और मशीन पर भी असर पड़ेगा। साथ ही बहुत भारी बर्तन रखने से ग्लास टूटने का खतरा रहता है।

गीले हाथों से इस्तेमाल और सफाई

गीले हाथों से इंडक्शन का इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है, इससे करंट लगने का खतरा रहता है। उपयोग के बाद, मशीन ठंडी होने पर उसे साफ कपड़े से साफ करना जरूरी है, ताकि उसकी कार्यक्षमता बनी रहे। विशेषज्ञों का कहना है कि इंडक्शन चूल्हा सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प है, लेकिन सही तरीके से इस्तेमाल न करने पर यह नुकसानदेह भी साबित हो सकता है।