नई दिल्ली, 25 मार्च : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्यसभा में पश्चिम एशिया पर दिए गए बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 का हवाला देना वास्तविक हालात से ध्यान भटकाने जैसा है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री शायद कोरोना महामारी के दौरान हुई त्रासदियों को भूल गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय देश ने भारी कठिनाइयों का सामना किया था, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
‘निजी विदेश नीति’ का आरोप
कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि भारत की विदेश नीति अब “मोदी की निजी विदेश नीति” बन गई है, जिसे दुनिया में गंभीरता से नहीं लिया जा रहा और यह एक “वैश्विक मज़ाक” बन चुकी है। राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी पता है कि प्रधानमंत्री क्या कर सकते हैं और क्या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अमेरिका और इजराइल के दबाव में फैसले ले रही है, जो देश और किसानों के हित में नहीं हैं।
महंगाई और नीतियों पर चिंता जताई
उन्होंने चेतावनी दी कि एलपीजी, पेट्रोल और उर्वरकों की कीमतें आने वाले समय में लोगों के लिए और मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक में व्यापक चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन सरकार ने नीतिगत ढांचे को कमजोर कर दिया।
खड़गे ने भी साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रधानमंत्री के बयान को “मामले को उलझाने की कोशिश” बताया। उन्होंने कहा कि यह बयान बहुत देर से आया और इसमें जवाब कम, सवाल ज्यादा हैं। खड़गे ने इसे एक तैयार भाषण बताया, जो पिछले 11 वर्षों के कथित कार्यों की आत्म-प्रशंसा से भरा हुआ है।
यह भी देखें : सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: धर्म परिवर्तन के बाद SC दर्जा नहीं

More Stories
विधानसभा में एंट्री टैक्स पर गरमाई बहस, सरकार ने दी सफाई
दिल्ली बस हादसा: JCB की मदद से बचाई गई यात्रियों की जान
पश्चिम एशिया में शांति पर मोदी-ट्रंप की फोन पर हुई अहम चर्चा