March 30, 2026

मौसम विभाग ने दी अगले बारिश के साथ ओलावृष्टी होने की चेतावनी

मौसम विभाग ने दी अगले बारिश के साथ...

मोहाली, 30 मार्च : पंजाब राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटों के दौरान खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। गुरदासपुर, होशियारपुर, पठानकोट, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। SDMA अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर कॉल करने के निर्देश दिए गए हैं।

ट्राइसिटी में बदला मौसम

आज सुबह से ही ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) में बादल छाए हुए हैं। रविवार को हुई बारिश के बाद तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। मार्च के अंतिम दिनों में पंजाब में लगातार बारिश हो रही है। बीते दिनों राज्य के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।

किसानों के लिए बढ़ी मुश्किलें

तेज हवाओं और बारिश के कारण पटियाला, संगरूर, होशियारपुर सहित कई जिलों में गेहूं की फसल गिर गई है। इसके अलावा सरदूलगढ़ और अन्य क्षेत्रों में ओलावृष्टि ने किसानों को और अधिक नुकसान पहुंचाया है। रविवार को हुई बारिश के कारण राज्य में तापमान में करीब 4.3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम में बदलाव का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है। इसके चलते तेज हवाओं के कारण पकने के करीब पहुंच चुकी गेहूं की फसल का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। बारिश के कारण खरबूजा, खीरा और अन्य गर्मी की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

अगले दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में 30 और 31 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 30 मार्च: ऑरेंज अलर्ट, 31 मार्च: येलो अलर्ट तेज हवाएं इस दौरान जारी रहेंगी, जो गेहूं की फसल के लिए हानिकारक साबित हो सकती हैं।