April 1, 2026

पंजाब एकमात्र राज्य, जिसे नहीं मिली अपनी राजधानी : हरसिमरत कौर बादल

पंजाब एकमात्र राज्य, जिसे नहीं मिली...

नई दिल्ली, 1 अप्रैल : शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने लोकसभा में पंजाब के साथ कथित भेदभाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का एकमात्र राज्य है, जिसे 1966 के पुनर्गठन के बाद भी अपनी स्थायी राजधानी नहीं दी गई।

संसद में उठाए सवाल

लोकसभा में बोलते हुए हरसिमरत कौर बादल ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि आखिर पंजाब के साथ ऐसा भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार घोषणाएं और आश्वासन दिए जाने के बावजूद भी पंजाब को चंडीगढ़ नहीं सौंपा गया। उन्होंने बताया कि 1966 में जब हरियाणा और हिमाचल प्रदेश का गठन हुआ था, उस समय चंडीगढ़ को पंजाब की राजधानी बनाने का वादा किया गया था। लेकिन बाद में इसे केंद्र शासित प्रदेश घोषित कर दिया गया।

पुराने वादों की याद दिलाई

हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि 1970 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने चंडीगढ़ पंजाब को देने की घोषणा की थी। इसके बाद 1985 के राजीव-लोंगोवाल समझौते में भी इस वादे की पुष्टि की गई और इसके लिए तारीख भी तय की गई थी। उन्होंने कहा कि पिछले 60 वर्षों से यह मामला लंबित पड़ा है और अब तक इसका समाधान नहीं किया गया।

अन्य राज्यों जैसा हक मिलने की मांग

बादल ने मांग की कि पंजाब को भी अन्य राज्यों की तरह अपनी राजधानी मिलनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे आंध्र प्रदेश को अमरावती दी जा रही है, उसी तरह पंजाब को भी उसका हक मिलना चाहिए।

यह भी देखें : संजय दत्त के रेस्टोरेंट में जिंदा मछली के साथ परोसी गई कॉकटेल