April 5, 2026

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की धमकी, इस बार ‘संघर्ष सीमा तक नहीं रहेगा

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की धमकी...

इस्लामाबाद, 5 अप्रैल : पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को सियालकोट में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भारत को गंभीर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर भारत कोई “फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन” करता है, तो इस बार मामला सिर्फ सीमा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संघर्ष कोलकाता तक फैल सकता है। आसिफ ने आरोप लगाया कि भारत अपने ही नागरिकों या हिरासत में लिए गए पाकिस्तानियों का इस्तेमाल करके झूठा हमला दिखाने की साजिश रच सकता है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि इस तरह के किसी भी प्रयास से भारत को पहले से ज्यादा शर्मिंदगी उठानी पड़ेगी। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत कथित तौर पर शवों को किसी स्थान पर रखकर पाकिस्तान पर आतंकवाद का आरोप लगाने की कोशिश कर सकता है। हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया।

राजनाथ सिंह की पहले ही सख्त चेतावनी

ख्वाजा आसिफ के इस बयान पर भारत सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस बीच भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केरल में एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान को पहले ही कड़ा संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान कोई गलत कदम उठाता है, तो भारतीय सेना निर्णायक जवाब देगी।

राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पाकिस्तान दोबारा कोई हरकत करता है, तो भारतीय सैनिक ऐसा जवाब देंगे जिसे वह कभी नहीं भूल पाएगा। दोनों देशों के बीच तीखे बयानों के बाद क्षेत्रीय तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। अब सबकी नजर भारत की आधिकारिक प्रतिक्रिया और आगे की कूटनीतिक स्थिति पर टिकी है।

यह भी देखें : ट्रंप की 48 घंटे की चेतावनी पर ईरान बोला, घबराहट झलक रही है