गुवहाटी, 6 अप्रैल : कांग्रेस पार्टी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इसे देश में किसी मौजूदा मुख्यमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ सबसे गंभीर आरोपों में से एक बताया है। पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी के पास तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट हैं, जो इस मामले को बेहद संवेदनशील बनाता है। उन्होंने दावा किया कि उनके समर्थकों को विदेश से कुछ चौंकाने वाले दस्तावेज़ मिले हैं, जिनमें यह जानकारी सामने आई है।
सीएम और पत्नी ने आरोपों को किया खारिज
रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेड़ा ने कहा कि दस्तावेज़ों की गंभीरता को देखते हुए ऐसा मामला आज़ाद भारत की राजनीति में पहले शायद ही सामने आया हो। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस तरह की गतिविधियां संभव हैं और कुछ लोग निडर होकर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा का परिणाम बताया है। मुख्यमंत्री ने पवन खेड़ा के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराने की बात कही है। वहीं, उनकी पत्नी ने कांग्रेस द्वारा पेश किए गए दस्तावेज़ों को फर्जी और फ़ोटोशॉप बताया है। इस मामले के सामने आने के बाद असम समेत देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिससे आने वाले दिनों में सियासी तनाव और बढ़ सकता है।

More Stories
योगी कैबिनेट में जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने का प्रस्ताव संभव
पश्चिम बंगाल के स्कूल-कॉलेजों में शामिल होंगे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और विचार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के मॉड्यूल से जुड़े 6 आतंकी गिरफ्तार