कैलिफोर्निया, 21 अप्रैल: Apple Inc. के सीईओ Tim Cook ने सितंबर में अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। इसके बाद वह कंपनी के बोर्ड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका संभालेंगे। कंपनी ने यह जानकारी सोमवार को साझा की।
एप्पल के अनुसार, 1 सितंबर से John Ternus नए सीईओ के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। यह फैसला कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की लंबे समय से चल रही लीडरशिप ट्रांजिशन योजना का हिस्सा है। टिम कुक गर्मियों तक अपने पद पर बने रहेंगे और जॉन टर्नस के साथ मिलकर जिम्मेदारियों का सुचारू हस्तांतरण सुनिश्चित करेंगे।
जॉन टर्नस की नई भूमिका
John Ternus फिलहाल एप्पल में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हैं। उन्होंने कंपनी के कई अहम उत्पादों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अब कंपनी की कमान संभालने के लिए तैयार हैं।
कंपनी को संबोधित करते हुए Tim Cook ने अपने पत्र में लिखा कि पिछले 15 वर्षों से वह हर सुबह एप्पल यूजर्स के संदेश पढ़ते रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोग अपने अनुभव साझा करते हैं—कभी Apple Watch से किसी की जान बचने की बात, तो कभी पहाड़ की चोटी पर ली गई सेल्फी या Mac से काम करने के तरीके में आए बदलाव की कहानी।
टिम कुक के नेतृत्व में उपलब्धियां
Tim Cook 1998 में एप्पल से जुड़े और 2011 में सीईओ बने। उनके नेतृत्व में कंपनी ने Apple Watch, AirPods और Apple Vision Pro जैसे नए उत्पाद लॉन्च किए। इसके साथ ही iCloud, Apple Pay, Apple TV और Apple Music जैसी सेवाओं का भी बड़ा विस्तार हुआ।
एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनने के बाद Tim Cook कंपनी को मार्गदर्शन देते रहेंगे और वैश्विक नीति-निर्माताओं के साथ अपने संबंध भी बनाए रखेंगे। यह बदलाव एप्पल के लिए एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

More Stories
जर्मनी में गुरुद्वारा कमेटी कब्जे को लेकर चलीं कृपाणें और गोलियां
चीन ने कहा—स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ अंतरराष्ट्रीय मार्ग, इसे बंद नहीं किया जा सकता
अमेरिका में दिल दहला देने वाली घटना, 8 बच्चों की हत्या