चंडीगढ़, 24 अप्रैल : पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनावों से पहले बड़ा राजनीतिक भूचाल देखने को मिला है। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में अशोक मित्तल के घर और दफ्तरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा छापेमारी की गई थी। इसके बाद से ही राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गई थीं।
राघव चड्ढा और संदीप पाठक पार्टी की रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। उनके जाने से AAP को बड़ा झटका माना जा रहा है, वहीं BJP इसे पंजाब में अपनी स्थिति मजबूत करने के रूप में देख रही है।
7 राज्यसभा सांसद BJP में जाने को तैयार: दावा
नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने दावा किया कि AAP के पांच अन्य सांसद भी BJP में शामिल हो रहे हैं। चड्ढा ने कहा कि पार्टी के 10 राज्यसभा सदस्यों में से 7 सदस्य बीजेपी में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संविधान के अनुसार यदि किसी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य दूसरी पार्टी में जाते हैं, तो यह कानूनी रूप से मान्य होता है। राघव चड्ढा ने बताया कि इस संबंध में सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ एक पत्र राज्यसभा के चेयरमैन सी.पी. राधाकृष्णन को सौंप दिया गया है। BJP में शामिल होने वाले अन्य सांसदों में हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी, स्वाति मालीवाल और अशोक मित्तल का नाम शामिल है।
AAP ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
आम आदमी पार्टी ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने कहा कि ED के जरिए डर का माहौल बनाकर पार्टी को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हाथ है। AAP नेताओं ने दावा किया कि राघव चड्ढा को पार्टी कमजोर करने के बदले केंद्र में मंत्री पद का लालच दिया गया। इससे पहले 3 अप्रैल को AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया था।
यह भी देखें : रिलायंस और TIME मैगज़ीन मिलकर लॉन्च करेंगे ‘TIME100 Next India’

More Stories
पठानमाजरा की याचिका पर सरकार से जवाब तलब, 7 दिन के नोटिस की मांग
पंजाब समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर
560 दिन बाद टावर से सुरक्षित उतारे गए गुरजीत सिंह खालसा