चंडीगढ़, 27 अप्रैल: आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा के उन सदस्यों के खिलाफ पूरे पंजाब में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया, जो हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए हैं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे “पंजाब के जनादेश के साथ धोखा” बताते हुए इन सांसदों की सदस्यता तत्काल रद्द करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन पंजाब के हर ज़िले में हुए, जहां सड़कों पर “पंजाब के गद्दार” के नारे गूंजे। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया और दलबदल करने वाले नेताओं के घरों की दीवारों पर “गद्दार” लिखकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। औद्योगिक क्षेत्रों तक यह विरोध पहुंचा, जहां उद्योगपति राजिंदर गुप्ता के खिलाफ भी प्रदर्शन दर्ज किया गया।
आप का राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि राज्यसभा सांसदों का कर्तव्य संसद में राज्य की आवाज बनना होता है, लेकिन इन नेताओं ने अपने दायित्व से मुंह मोड़कर राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने एजेंसियों के दबाव के जरिए “ऑपरेशन लोटस” के तहत इन नेताओं को अपने पक्ष में किया।
वहीं मंत्री लाल चंद कटारूचक ने इसे “पंजाब और पार्टी की पीठ में छुरा घोंपना” करार देते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
सदस्यता रद्द करने की मांग
लहरागागा में आयोजित प्रदर्शन के दौरान मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि इन नेताओं के जाने से पार्टी या राज्य की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ा, बल्कि उनका असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने भाजपा पर “खरीद-फरोख्त की राजनीति” करने का आरोप लगाया।
विधायक बलकार सिंह सिद्धू ने कहा कि इतिहास इन नेताओं को “गद्दार” के रूप में याद रखेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इन नेताओं को पहचान और पद दिए, लेकिन उन्होंने उस भरोसे को तोड़ दिया।
आप के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी दलबदल को “पंजाब की मिट्टी और आत्मसम्मान के साथ विश्वासघात” बताया। पार्टी ने स्पष्ट किया कि जो नेता दबाव या स्वार्थ के कारण भाजपा में शामिल हुए हैं, उन्हें पंजाब की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
पार्टी ने अंत में दोहराया कि यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनादेश की रक्षा का सवाल है, और इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा।

More Stories
डीसी ऑफिस भी निशाने पर, संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बढ़ाई गई
पंजाब में भीषण गर्मी, बिजली की मांग ने तोड़े सभी रिकॉर्ड
साबका डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के ठिकानों पर ईडी का छापा