May 4, 2026

कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते उठाने वाले खुद अपराधियों के मददगार : बलतेज पन्नू

कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते उठाने वाले खुद...

चंडीगढ़, 4 मई : आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पन्नू ने कहा कि कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला अकाली दल खुद अपराधियों और गैंगस्टरों को संरक्षण देने में शामिल रहा है। पन्नू ने आरोप लगाया कि अकाली दल गैंगस्टरों के करीबियों को राजनीति में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ पार्टी शांति और कानून-व्यवस्था की बात करती है, जबकि दूसरी ओर एक बदनाम गैंगस्टर की पत्नी को ‘चुनाव क्षेत्र इंचार्ज’ बनाकर उसे राजनीतिक ताकत सौंपी जा रही है।

गोल्डी बराड़ मामले का किया जिक्र

पन्नू ने सवाल किया कि क्या अकाली दल में ईमानदार कार्यकर्ताओं की इतनी कमी हो गई है कि पार्टी को अब गैंगस्टरों के परिवारों का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने इसे पंजाब के लोगों के साथ सीधा धोखा बताया। हालिया घटनाक्रम का हवाला देते हुए पन्नू ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता के खिलाफ दर्ज जबरन वसूली के मामले का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब इस केस के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई, तो अदालत ने उसे खारिज कर दिया।

अकाली दल से जुड़े वकीलों पर भी निशाना

पन्नू ने दावा किया कि गोल्डी बराड़ के परिवार की तरफ से कोर्ट में पेश होने वाले वकील सीधे तौर पर अकाली दल से जुड़े हुए थे। उनके मुताबिक, इससे अकाली दल का “दोहरा चेहरा” उजागर हो गया है। पन्नू ने कहा कि अकाली दल एक तरफ कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला करता है, जबकि दूसरी तरफ वही लोग अपराधियों के बचाव में खड़े दिखाई देते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को पार्टी में शामिल करना और उन्हें जिम्मेदार पद देना अकाली दल की पुरानी नीति रही है। अंत में पन्नू ने कहा कि पंजाब के लोग अब अकाली दल के इस “डरावने और दोहरे चेहरे” को पहचान चुके हैं और आने वाले समय में इसका जवाब देंगे।

यह भी देखें : संगरूर में अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण, 85 गांवों को मिलेगा लाभ