May 13, 2026

सिरमौर पुलिस ने कार से 6.95 ग्राम चिट्टा किया बरामद, दो नशा तस्कर गिरफ्तार

चिट्टा

सिरमौर, 07 मई 2026: सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना रेणुका जी क्षेत्र में एक कार से 6.95 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस टीम खदाल मंदिर मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति कार में नाहन की ओर से चिट्टे की खेप लेकर रेणुका जी की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने खदाल मंदिर से आगे नाहन-रेणुका जी सड़क पर नाकाबंदी कर दी।

नाके पर संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में कार चालक ने अपनी पहचान रोहित परमार, पुत्र स्व. शिवपाल, निवासी गांव ददाहू के रूप में बताई। कार में साथ बैठे दूसरे व्यक्ति का नाम बलिन्द्र सिंह, पुत्र पृथ्वी सिंह, निवासी गांव खेना, तहसील ददाहू बताया गया।

कार की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड में रखे सिगरेट के पैकेट से 6.95 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

यह भी देखें: Kangra News: देहरा पुलिस ने नशा तस्कर की 39 लाख 48 हजार की संपत्ति की फ्रीज