May 13, 2026

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, ED ने 157 करोड़ के फर्जी बिल मामले में की कार्रवाई

संजीव अरोड़ा

चंडीगढ़, 09 मई 2026: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह से अरोड़ा के सेक्टर-2 स्थित आवास पर ED की छापेमारी चल रही थी। करीब 20 गाड़ियों के साथ पहुंची ED टीम ने 6-7 घंटे तक छानबीन के बाद उन्हें गिरफ्तार किया।

यह संजीव अरोड़ा पर इस महीने ED की दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले उनके लुधियाना स्थित ठिकानों पर भी छापा मारा गया था।

सूत्रों के अनुसार, ED ने अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों में 157.12 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री, शेल कंपनियों के जरिए फर्जी निर्यात और FEMA नियमों के उल्लंघन का मामला पाया है। एजेंसी को संदेह है कि विदेशी संस्थाओं के माध्यम से पैसे की राउंड ट्रिपिंग की गई।

ED ने इस मामले में कई बैंक खाते अटैच कर लिए हैं और डीमैट खातों तथा म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को भी फ्रीज कर दिया है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस कार्रवाई पर तीखा हमला बोला। एक्स पर ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा, “आज फिर भाजपा की ED संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार है। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला।”

भगवंत मान ने आगे लिखा, “मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है। औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है। पंजाब मोदी की किसी भी चाल के आगे नहीं झुकेगा और ED-भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन को खत्म कर देगा।”

ये भी देखें: कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने पीड़ित परिवारों से मिलकर जताया शोक