May 19, 2026

जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- जनता को गुमराह कर रही है कांग्रेस

जयराम ठाकुर

चंडीगढ़, 19 मई 2026: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर स्थानीय निकाय चुनावों में जीत के झूठे आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार पंचायत चुनावों में कांग्रेस को नुकसान से बचाने के लिए जनता को भ्रमित कर रही है। जयराम ठाकुर ने मंगलवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत के बाद कांग्रेस सरकार की विदाई की शहनाई बज चुकी है, लेकिन मुख्यमंत्री इसमें सुनने का साहस नहीं रखते।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के पास न तो विकास कार्य कराने के लिए पैसा बचा है और न ही अब कोई नीयत रह गई है। साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद सरकार जनता को यह नहीं बता पा रही कि उसने धरातल पर कौन से विकास कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पैरों तले से राजनीतिक जमीन पूरी तरह खिसक चुकी है। पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद हिमाचल के स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस का बेहद खराब प्रदर्शन साफ संकेत देता है कि प्रदेश की जागरूक जनता इस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए बेताब है।

जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से मिलने वाले विकास बजट को सुक्खू सरकार बंदरबांट कर रही है। यह पैसा सिर्फ अपने खास गुट के कांग्रेस विधायकों और चुनिंदा मित्रों के क्षेत्रों में खर्च किया जा रहा है ताकि अगले चुनावों में उन्हें फायदा मिल सके।

यह भी देखें: जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, कहा – 50-50 लाख वाली घोषणा को आचार संहिता का उल्लंघन