चम्बा, 30 मई 2026: हिमाचल प्रदेश के चुराह उपमंडल में चम्बा-किलाड़ मार्ग पर कालाबन के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन में सवार 8 लोग लापता हैं। उनकी स्थिति के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग शुक्रवार को सचे जोत की ओर रवाना हुए थे, जिनमें 7 लोग बाहरी राज्यों के बताए जा रहे हैं। जब गाड़ी देर रात तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों में चिंता फैल गई। पांगी पुलिस चौकी से संपर्क करने पर पता चला कि गाड़ी उस क्षेत्र में पहुंची ही नहीं थी।
शनिवार को बैरागढ़ पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान कालाबन के पास वाहन के कुछ अवशेष मिले। खाई में नीचे देखने पर पुलिस और स्थानीय लोगों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन दिखाई दिया।
हादसा स्थल बेहद दुर्गम है। वहां पहुंचने के लिए कोई सीधा रास्ता नहीं है। इसके अलावा मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में काफी दिक्कतें आ रही हैं। अंधेरा होने के कारण शनिवार शाम को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।
तीसा प्रशासन ने हादसे की पुष्टि की है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि रविवार सुबह स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव दल फिर से घटनास्थल के लिए रवाना होगा। राहत कार्य शुरू होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसे में कितने लोग हताहत हुए हैं।
ये भी देखें: उधमपुर में बस खाई में गिरी, 20 से अधिक लोगों की दर्दनाक मौत

More Stories
कांगड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन, अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़, 1.05 करोड़ की हेरोइन बरामद
शिमला के ऐतिहासिक ‘राष्ट्रपति निवास’ की खस्ता हालत पर हाईकोर्ट नाराज, केंद्र को लगाई फटकार
सुंदरनगर में 224 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार