June 24, 2026

भाजपा नेता के बेटे की भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तारी से भगवा पार्टी हुई बेनकाब – कुलदीप धालीवाल

कुलदीप धालीवाल

चंडीगढ़, 24 जून 2026: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप धालीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पंजाब की शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को भंग करने का सीधा आरोप लगाया है। धालीवाल ने कहा कि करीब एक महीना पहले जब बम धमाके हुए थे, तब भी उन्होंने डंके की चोट पर कहा था कि भाजपा पंजाब का माहौल खराब करना चाहती है। आज उनकी वह बात 100% सच साबित हो गई है।

मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान की सरकार द्वारा पंजाब में किए जा रहे ऐतिहासिक जनहित के कामों से भाजपा बुरी तरह बौखला गई है। इसी घबराहट में पंजाब को अस्थिर करने के लिए भाजपा खतरनाक चालें चल रही है। इस मौके पर उनके साथ नव-नियुक्त शहरी अध्यक्ष सरबजोत भी मौजूद थे।

धालीवाल ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि बीती 19 जून को अजनाला के नजदीक गांव हरड़ खुर्द से बीएसएफ और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने रोहन नाम के एक नौजवान को गिरफ्तार किया है। इस देशद्रोही के पास से एक एके-47 राइफल, एक मेड-इन-अमेरिका अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ जैकेट, 25 पिस्तौल और 368 कारतूस बरामद हुए हैं। धालीवाल ने कहा कि यह कोई और नहीं, बल्कि अमृतसर भाजपा एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिव कुमार का बेटा है। यह वही अमृतसर शहर है जहां से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और नव-नियुक्त राज्य सभा सदस्य तरुण चुघ आते हैं। उनकी नाक के नीचे भाजपा के बड़े नेता का बेटा इतने बड़े पैमाने पर हथियारों की तस्करी में लिप्त है।

धालीवाल ने जांच रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया कि पकड़ा गया आरोपी ऑस्ट्रेलिया में बैठे अनमोल नाम के एक व्यक्ति के संपर्क में था और इससे पहले हथियारों और ड्रग्स की करीब 7 से 8 खेप पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पहुंचा चुका है।

उन्होंने सीधे देश के गृह मंत्री अमित शाह को कटघरे में खड़ा करते हुए पूछा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर 50 किलोमीटर का इलाका सीधे तौर पर बीएसएफ और केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आता है, तो फिर इतनी बड़ी मात्रा में हथियार देश के अंदर कैसे आ रहे हैं? क्या अमित शाह का खुफिया और सुरक्षा तंत्र पूरी तरह फेल हो चुका है, या फिर पंजाब का माहौल खराब करने के लिए जानबूझकर ढील दी जा रही है?

ये भी देखें: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने BJP पर लगाए वोटिंग में धांधली के आरोप, ममता बनर्जी का किया समर्थन