June 25, 2026

Haryana: करनाल में लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ रोकने पर 9 ग्राम सचिव हुए सस्पेंड

नायब सैनी

चंडीगढ़, 25 जून 2026: हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के आवेदनों का सत्यापन नहीं करने पर जिला परिषद के सीईओ ने सख्त कदम उठाते हुए 9 ग्राम सचिवों को निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि कई गांवों में आवेदन तो लिए गए, लेकिन उनका समय पर सत्यापन नहीं किया गया। इस लापरवाही के कारण पात्र महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल पाया।

मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिला परिषद के सीईओ अमित कुमार द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान सभी ग्राम सचिव संबंधित कार्यालय से जुड़े रहेंगे और बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। इस दौरान उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही सभी के खिलाफ अलग से आरोप पत्र भी जारी किया जाएगा।

निलंबित किए गए ग्राम सचिवों में इंद्री ब्लॉक और नीलोखेड़ी ब्लॉक के कर्मचारी शामिल हैं। इंद्री ब्लॉक के स्वर्ण माजरा गांव के ग्राम सचिव अमित कुमार को सस्पेंड किया गया है।

वहीं नीलोखेड़ी ब्लॉक के डबरथला गांव के ग्राम सचिव अमित, जांबा गांव के ग्राम सचिव सुनील कुमार, कोयर गांव के ग्राम सचिव जितेंद्र कुमार, शामगढ़ गांव के ग्राम सचिव नरेश कुमार, सिद्धपुर गांव के ग्राम सचिव मंगतराम, सुलतानपुर गांव के ग्राम सचिव अमित अहलावत सहित कुल 9 ग्राम सचिवों पर कार्रवाई हुई है।

यह भी देखें: हांसी में ACB ने पटवारी का मध्यस्थ को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, रिश्वतखोरी का भंडाफोड़