July 1, 2026

पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने लॉन्च किया ‘PSEB पुस्तक पोर्टल’, 15% छूट पर मिलेंगी असली किताबें

PSEB

चंडीगढ़, 01 जुलाई 2026: गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक किफायती बनाने और किताब विक्रेताओं की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बोर्ड ने PSEB द्वारा तैयार और छापी गई किताबों के ऑनलाइन ऑर्डर के लिए ‘PSEB पुस्तक पोर्टल’ लॉन्च कर दिया है।

पी.एस.ई.बी. के अध्यक्ष डॉ. अमरपाल सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस) ने बताया कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड किताबों की बिक्री और डिलीवरी के लिए ई-कॉमर्स पोर्टल शुरू करने वाला देश का पहला शिक्षा बोर्ड बन गया है।

इस पोर्टल के माध्यम से पंजाब भर के 12 लाख से अधिक छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। छात्रों को असली PSEB पाठ्य-पुस्तकों पर फ्लैट 15% की छूट दी जा रही है, जिससे छात्रों और अभिभावकों की सालाना लगभग 2.15 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।

छात्र, अभिभावक और स्कूल सीधे पोर्टल के माध्यम से ऑर्डर दे सकते हैं। स्कूल केवल किताबों के वितरण में सहायता करेंगे और बोर्ड द्वारा निर्धारित दरों से अधिक एक भी रुपया नहीं वसूल सकेंगे। इससे निजी किताब विक्रेताओं द्वारा की जाने वाली मनमानी बंद होगी।

बोर्ड ने पंजाबी, अंग्रेजी और हिंदी माध्यम में 361 पाठ्य-पुस्तकों की कुल 2.25 करोड़ किताबें छापी हैं। किताबों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पंजाब भर में 97 डिलीवरी/पिक-अप केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों से किताबें लेने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।

ये भी देखें: PSEB 12वीं के रिजल्ट में लड़कियों ने मारी बाज़ी, 500 में से 500 अंक प्राप्त कर पहले तीन स्थान किए हासिल – हरजोत बैंस