July 11, 2026

गो-तस्करों से मुड़ते हुए शहीद हुए एसआई मुकेश फोगाट को पूरे राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

एसआई मुकेश फोगाट

चंडीगढ़, 11 जुलाई 2026: हरियाणा पुलिस के सब-इंस्पेक्टर मुकेश फोगाट को शनिवार को उनके पैतृक गांव फतेहपुर बिल्लोच में पूरे राजकीय एवं सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

केएमपी एक्सप्रेसवे पर गो-तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुए सड़क हादसे में उनके बलिदान के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल छाया रहा।

अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आसपास के इलाकों के लोगों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

9 जुलाई को नूंह पुलिस की टीम गो-तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान केएमपी एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में एसआई मुकेश फोगाट गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के मौके पर नूंह के एसपी अर्पित जैन सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस गार्ड ने शस्त्र झुकाकर उन्हें अंतिम सलामी दी।

यह भी देखें: शहीद एएसआई जोगा सिंह के परिवार से मिले रवनीत सिंह बिट्टू, बोले- हत्यारों को नहीं बख्शा जाएगा