July 21, 2026

योगी सरकार ग्रेजुएशन पास करने वाली टॉप छात्राओं को देगी स्कूटी, इनकम 10 लाख तक हो

yogi adityanath

लखनऊ, 21 जुलाई 2026: योगी सरकार इस साल ग्रेजुएशन पास करने वाली मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने जा रही है। इस योजना का लाभ उन छात्राओं को मिलेगा जिनके परिवार की सालाना आय 10 लाख रुपये तक है। हालांकि दिव्यांग छात्राओं, शहीदों की बेटियों और निराश्रित परिवार की लड़कियों पर आय की सीमा लागू नहीं होगी।

स्कूटी हर विश्वविद्यालय और कॉलेज की टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं को ही दी जाएगी। सरकार स्कूटी के साथ उसका बीमा, रजिस्ट्रेशन, हेलमेट, जरूरी एक्सेसरीज और 4 लीटर पेट्रोल भी देगी। छात्राओं को ड्राइविंग लाइसेंस खुद बनवाना होगा।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि स्कूटी वितरण के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। स्कूटी पेट्रोल से चलने वाली होगी और उसकी खरीद GeM पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

मंगलवार दोपहर कैबिनेट बैठक में ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ समेत 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सरकार ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक चलेगा।

इस दौरान सदन में संभल दंगों की जांच रिपोर्ट पेश की जाएगी और अनुपूरक बजट भी रखा जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में दो नए एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे, जिनमें विंध्य एक्सप्रेसवे और विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे शामिल हैं।

यह भी देखें: ‘कांवड़ यात्रा में अनुशासन बनाए रखें, हुड़दंग से बचें’ – सीएम योगी