September 28, 2026

राजा वडिंग ने बिजली संकट के लिए PSPCL में भ्रष्टाचार और खराब प्रबंध को ठहराया जिम्मेदार

राजा वडिंग

पटियाला, 15 सितंबर 2026: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज राज्य में जारी बिजली संकट के खिलाफ आम आदमी पार्टी सरकार के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया। भारी पुलिस बल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को PSPCL कार्यालय तक पहुंचने से रोक दिया। पुलिस ने रास्ते में भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी।

इस अवसर पर वडिंग ने कहा कि राज्य में बिजली संकट मानव निर्मित है और इसकी वजह AAP सरकार का बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार तथा पूरी तरह से कुप्रबंधन है। उन्होंने कहा कि चेयरमैन बसंत गर्ग को गैर-तकनीकी होने के बावजूद नियुक्त किया गया, जबकि तकनीकी योग्यता इस पद के लिए बुनियादी शर्त है। उन्होंने खुलासा किया कि आप सरकार ने उन्हें नियुक्त करने के लिए नियमों में बदलाव किया, जाहिर तौर पर दिल्ली के आकाओं के इशारे पर, जिसके कारणों से हर कोई परिचित है।

उन्होंने कहा कि गर्ग को कई पद दिए गए और इसका कारण यह था कि चेयरमैन रहने के 300 दिनों में उन्होंने केवल 20 दिन कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराई।

इसी तरह, PCC अध्यक्ष ने कहा कि आप ने PSPCL में मौजूदा डायरेक्टर जनरेशन हरजीत सिंह को बिना किसी उचित कारण के हटाकर उनकी जगह एक अयोग्य व्यक्ति को नियुक्त किया, क्योंकि उन्होंने आप के निर्देशों के आगे झुकने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि सिंह को हटाने के साथ-साथ विजिलेंस ब्यूरो के जरिए उन्हें प्रताड़ित भी किया गया।

उन्होंने खुलासा किया कि तत्कालीन बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा अपने पसंदीदा व्यक्ति, जो लुधियाना से था, को पद पर नियुक्त करना चाहते थे। वह व्यक्ति इस पद के लिए योग्य भी नहीं था, लेकिन उसने कई तरह से अरोड़ा की मदद की थी। उन्होंने कहा कि अरोड़ा अंत में जेल पहुंच गए, लेकिन उससे पहले PSPCL को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर गए, जिसका नतीजा आज राज्य में बिजली संकट के रूप में सामने है।

वडिंग ने कहा कि असक्षम और भ्रष्ट लोगों के हाथों में PSPCL यह तक अनुमान नहीं लगा सका कि बिजली की मांग कितनी होगी। उन्होंने कहा कि पहले से ही कमजोर मानसून का पूर्वानुमान था, फिर भी PSPCL ने कृषि क्षेत्र के लिए कोई तैयारी नहीं की।

यह भी देखें: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता, फायरिंग-फॉर-एक्सटॉर्शन मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार