October 29, 2026

किरेन रिजिजू ने नसीरुद्दीन शाह पर हमला बोला, कहा- खतरनाक अर्बन नक्सल

नसीरुद्दीन शाह

दिल्ली, 29 अक्टूबर 2026: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने शाह को खतरनाक अर्बन नक्सल और विनाशकारी बुद्धिजीवी करार दिया। 76 वर्षीय अभिनेता ने एक वीडियो जारी कर विरोध प्रदर्शन कर रहे विश्वविद्यालय के छात्रों का समर्थन किया था।

रिजिजू ने कहा कि उन्होंने कई सालों तक अभिनेता के झुकाव को समझने में गलती की और उनके बर्ताव को देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए खतरा बताया।

केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मैं नसीरुद्दीन शाह का सम्मान करता था और उन्हें पसंद भी करता था यह सोचकर कि वह बस एक सामान्य अभिनेता हैं। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह एक खतरनाक अर्बन नक्सल और व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले बुद्धिजीवी हैं। मुझे उनके असली चरित्र का पता बहुत देर से चला। वह भारत के लोकतंत्र के लिए बेहद हानिकारक हैं।”

उनकी यह टिप्पणी मंगलवार को फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के जवाब में आई है। इस वीडियो में शाह ने दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया के उन छात्रों का समर्थन किया है जो अपनी छात्र यूनियन को बहाल करने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।

दिमागी नक्सल लिखा हुआ बैज पहने और नाराज दिख रहे शाह ने केंद्र की भाजपा सरकार की आलोचना की। वीडियो में शाह ने कहा, “मैं गर्व से कहता हूं कि मैं एक दिमागी नक्सल हूं। मुझे नहीं पता कि इन चौकीदारों ने मुझ जैसे लोगों को और क्या-क्या नाम दिए हैं जैसे देश-विरोधी टुकड़े-टुकड़े गैंग और न जाने क्या-क्या।”

ये भी देखें: Punjab Politics: गुरप्रीत सिंह सेखों हजारों समर्थकों के साथ AAP में शामिल