मथुरा, 29 अक्टूबर 2026: उत्तर प्रदेश के मथुरा से बड़ी खबर सामने आई है। गुरुवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। नोएडा से आगरा की ओर जा रहे दो यात्री बसें और कांच से भरा एक कैंटर आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंटर पलट गया और बसों में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्रियों के घायल होने की खबर है। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 3:15 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 101 के पास हुई। कांच से भरा आयशर कैंटर आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस ने उसे ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बस कैंटर से टकरा गई। अभी यह टक्कर हुई ही थी कि पीछे से आ रही ट्रैवल पॉइंट की दूसरी बस भी कैंटर से जा भिड़ी। लगातार हुई टक्करों के चलते कैंटर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद दोनों बसों में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्रियों को चोटें आईं और मौके पर मदद के लिए चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
दुर्घटना की जानकारी मांट टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम और कॉलर विनय यादव के जरिए पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलते ही मांट थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। पुलिस ने जेपी और सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया जहां उनका उपचार कराया गया। घायलों में चांदनी आमिर आजाद वसीम और अजर बानो समेत अन्य यात्री शामिल बताए गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। यमुना एक्सप्रेसवे पर तड़के हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को मदद दिलाई और स्थिति संभाली।
ये भी देखें: Punjab Politics: गुरप्रीत सिंह सेखों हजारों समर्थकों के साथ AAP में शामिल

More Stories
किरेन रिजिजू ने नसीरुद्दीन शाह पर हमला बोला, कहा- खतरनाक अर्बन नक्सल
राजा भैया को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
चक्रवात अर्नब से आंध्र-ओडिशा में 5 लोगों की मौत, 15 राज्यों में असर