March 20, 2026

कपूरथला में नया मेडिकल कॉलेज बनेगा, 275 करोड़ की लागत से निर्माण

कपूरथला में नया मेडिकल कॉलेज बनेगा...

चंडीगढ़, 20 मार्च : पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कपूरथला में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना का ऐलान किया। डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि होशियारपुर में शहीद ऊधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के बाद यह इस महीने घोषित किया गया दूसरा संस्थान है। यह नया संस्थान “श्री गुरु नानक देव जी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज” के रूप में स्थापित होगा।

25 मार्च से शुरू होगा निर्माण कार्य

उन्होंने जानकारी दी कि टेंडरिंग सहित सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और निर्माण कार्य 25 मार्च 2026 से शुरू किया जाएगा। इसे मार्च 2028 तक 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 275 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट में 300 बेड का आधुनिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेज शामिल होगा। कॉलेज में हर साल 100 एमबीबीएस सीटें होंगी, जिससे राज्य में मेडिकल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे।

विदेश जाने की जरूरत होगी कम

मंत्री ने कहा कि इस संस्थान के बनने से पंजाब के छात्रों को मेडिकल पढ़ाई के लिए विदेश जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें राज्य में ही बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस परियोजना से 1000 से अधिक लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा, जबकि कई लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। संस्थान शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आधुनिक सेकेंडरी और टर्शरी स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इसमें MRI, CT स्कैन, सेंट्रल लैब, ब्लड बैंक और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अस्पतालों का भी होगा अपग्रेड

स्वास्थ्य नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सुल्तानपुर लोधी के सरकारी अस्पताल को शहरी केंद्र और बेगोवाल के अस्पताल को ग्रामीण केंद्र के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। ये दोनों नए मेडिकल कॉलेज से जुड़े होंगे। करीब 5 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में बनने वाले इस संस्थान में 6 ऑपरेशन थिएटर, 500 क्षमता वाला ऑडिटोरियम, स्किल लैब और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं भी शामिल होंगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी देखें : मान सरकार द्वारा 1.44 लाख करोड़ के दावे को राजस्थान सरकार ने नकारा