लुधियाना, 22 जनवरी : पंजाब के कई जिलों में बुधवार को कड़ाके की ठंड दर्ज की गई। बठिंडा, फरीदकोट और अमृतसर में रात का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम था। वहीं पठानकोट, फिरोजपुर और होशियारपुर में तापमान चार डिग्री, चंडीगढ़, गुरदासपुर, मानसा और रूपनगर में पांच डिग्री तथा लुधियाना, पटियाला और मोहाली में छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन का तापमान सामान्य से अधिक
दिन के अधिकतम तापमान की बात करें तो पटियाला, चंडीगढ़ और रूपनगर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा और फाजिल्का में 23 डिग्री जबकि लुधियाना, मोहाली, फिरोजपुर और पठानकोट में 22 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राज्य के सभी जिलों में दिन का तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तड़के चार बजे से एक तेज पश्चिमी विक्षोभ पंजाब को प्रभावित करेगा।
इसके चलते कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पीएयू की किसानों को चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि 23 और 24 जनवरी को भी इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि 25 और 26 जनवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 27 जनवरी से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आंधी और बारिश हो सकती है। मौसम में हो रहे बदलाव को लेकर पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
फसल सुरक्षा के लिए जरूरी सुझाव
विश्वविद्यालय ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम की पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए इस अवधि के दौरान सिंचाई, कीटनाशक और खाद का छिड़काव न करें। पीएयू ने कहा है कि किसान बारिश से पहले सब्जियों और फलों की तुड़ाई कर लें। खेतों में पानी जमा न होने दें और जलभराव से बचाव के लिए उचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
यह भी देखें : ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत, 36 घंटे में 172 आरोपी गिरफ्तार

More Stories
मजीठिया को मिली जमानत ‘आप’ सरकार की लापरवाही : कुंवर विजे प्रताप
सुखपाल खैरा ने पंजाब सरकार पर मतदाताओं का निजी डाटा चुराने का आरोप लगाया
केजरीवाल की कठपुतली बनके काम कर रहे हैं भगवंत मान : अश्वनी शर्मा