चंडीगढ़, 22 जुलाई 2026: जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद लाठीचार्ज के बाद झूठे मुकदमे दर्ज कर युवाओं को परेशान करने की हो रही कोशिशों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी उनकी मदद के लिए आगे आई है। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल खुद सामने आकर इन बच्चों और उनके पैरेंट्स को कानूनी और मेडिकल सहायता देने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ हुई बर्बरता बेहद शर्मनाक है। मोदी सरकार की बर्बरता के शिकार छात्रों के साथ आम आदमी पार्टी खड़ी है। आप सब हमारे बच्चे हो। आप बिल्कुल घबराना मत, हम आपके साथ खड़े हैं। ये लड़ाई हम मिलकर लड़ेंगे। लीगल या मेडिकल सहायता के लिए 8588833548 नंबर पर कॉल करें। आम आदमी पार्टी की लीगल और मेडिकल टीम तुरंत मदद करेगी। उन्होंने कहा कि हम आपके लिए अच्छे से अच्छा लीगल टीम उपलब्ध करवाएंगे।
मंगलवार को “आप” मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सोमवार को जिस तरह से मोदी सरकार ने हमारे देश के बच्चों और युवाओं पर बर्बरता से हमला किया है, मुझे लगता है कि इतिहास में ऐसा कभी देखने को नहीं मिला। मोदी जी ने तो अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है। अंग्रेजों ने भी शायद कभी स्वतंत्रता सेनानियों पर इस तरह से लाठीचार्ज या हमला नहीं किया होगा, जिस तरह से मोदी सरकार ने सोमवार को अपने ही देश के बच्चों पर किया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे अनगिनत वीडियो हैं, जिनमें बच्चे पुलिस के सामने गिड़गिड़ा रहे हैं और लड़कियां हाथ जोड़ रही हैं, लेकिन पुलिस लगातार उनकी पिटाई कर रही है। कई वीडियो में दिख रहा है कि निहत्थे बच्चों पर बिना किसी उकसावे के हमला किया जा रहा है। मैंने देखा कि दो-तीन पुलिस वाले खड़े हैं और वहां से गुजरने वाले हर बच्चे पर बिना किसी वजह के लाठियां बरसा रहे हैं। कई जगह तो जहां कोई जरूरत ही नहीं थी और केवल 20-25 बच्चे बैठे थे, वहां भी आंसू गैस के गोले छोड़ दिए गए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बच्चों पर कई झूठी एफआईआर दर्ज की गई हैं। मैंने सोशल मीडिया पर देखा कि कई माता-पिता लिख रहे हैं कि उनके बच्चे गायब हैं और मिल नहीं रहे हैं। शायद पुलिस उन्हें उठाकर किसी जेल या अज्ञात जगह ले गई है और कोई कुछ बताने वाला नहीं है। इस तरह की क्रूरता आज तक कभी नहीं देखी गई। ऐसा लगता है कि मोदी जी ने जलियांवाला बाग के जनरल डायर को भी पीछे छोड़ दिया है। कुछ लोगों का तो यहां तक कहना है कि शायद जनरल डायर की आत्मा ने ही मोदी जी के रूप में जन्म लिया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी थोड़ी देर पहले मोदी सरकार की पुलिस ने एक प्रेस रिलीज जारी करके धमकी दी है कि जिन लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, उन सबके खिलाफ सख्त एफआईआर करेंगे। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि यह देश आपके पिताजी का नहीं है, यह 140 करोड़ लोगों का है।
इस तरह की धमकियां देना बंद कीजिए, नहीं तो देश के लोग आपको ऐसा मजा चखाएंगे कि इतिहास याद रखेगा कि इस देश में एक तानाशाह का क्या हश्र हुआ था। उन्होंने देश के बच्चों और उनके माता-पिता को आश्वस्त करते हुए कहा कि आप बिल्कुल चिंता मत करना, हम सब एक साथ हैं। हम आपके बच्चों को कुछ नहीं होने देंगे।
ये भी देखें: राहुल गांधी का NEET विवाद पर बड़ा बयान, PM से धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग

More Stories
गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली 4,056 महिलाओं को 1.70 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता – डॉ. बलजीत कौर
चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन ने शुरू की भूख हड़ताल, LADC सिस्टम का किया विरोध
नए जिला शिकायत निवारण सेल के माध्यम से नागरिकों को 45 दिनों के भीतर गलत ई-चालानों को चुनौती देने का अधिकार – हरपाल सिंह चीमा