September 30, 2026

एअर इंडिया एक्सप्रेस ने क्रू के आठ सदस्यों को किया सस्पेंड, जाने क्या है वजह?

एअर इंडिया एक्सप्रेस

अमृतसर, 18 सितंबर 2026: दो अगस्त 2026 को दुबई से अमृतसर आने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट के क्रू मेंबर को लैंडिंग के बाद एक अनिवार्य प्रक्रिया पूरी करनी थी। इंटरनेशनल फ्लाइट के बाद होने वाला अनिवार्य ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट समय सीमा में नहीं हो पाया। विमानन नियमों के अनुसार फ्लाइट के उतरने के दो घंटे के भीतर क्रू को अपना पोस्ट-फ्लाइट डिक्लेरेशन जमा करना अनिवार्य होता है। हालांकि इस मामले में क्रू ने 35 मिनट की देरी की और अपना डिक्लेरेशन दो घंटे 35 मिनट बाद सबमिट किया।

डिक्लेरेशन में देरी होने पर एयरलाइन के सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत लागू हो गए। एयरलाइन के अनिवार्य नियमों के तहत साइकोएक्टिव पदार्थों के सेवन की जांच के लिए क्रू के सभी सदस्यों का टेस्ट किया गया। सूत्रों के मुताबिक राहत की बात यह रही कि सभी सदस्यों की मेडिकल टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है जिससे यह स्पष्ट हो गया कि किसी ने भी किसी नशीले पदार्थ का सेवन नहीं किया था।

भले ही टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई हो लेकिन समय सीमा के उल्लंघन और प्रक्रियात्मक कोताही को प्रबंधन ने बेहद गंभीरता से लिया है। सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट विमानन नियामक संस्था नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को सौंप दी है।

इसके साथ ही सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए एयरलाइन ने उड़ान के सभी आठ क्रू सदस्यों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है।

यह भी देखें: दिल्ली एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट में इंजन में आग लगने की सूचना, विमान सुरक्षित उतरा