नई दिल्ली, 13 जून : दुनियां की सबसे बड़ी विमान निर्माता कंपनी बोइंग के जहाज़ों का अहमदाबाद में हुआ हादसा कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कंपनी के कई विमान दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं, और इन हादसों में 4,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। बोइंग के 747, 737, 767 और 777 जैसे मॉडल तकनीकी और डिज़ाइन से जुड़ी खामियों के कारण बार-बार हादसों का शिकार हुए हैं।
अमेरिका में आतंकी हमलों में हुआ इस्तेमाल
इसके अलावा, अमेरिका में 2001 में हुए आतंकवादी हमलों में भी कंपनी के विमानों का इस्तेमाल किया गया था, जबकि 1985 में कनाडा में बोइंग 747-200क्च को अटलांटिक महासागर में बम धमाके से उड़ा दिया गया था। इन घटनाओं ने बोइंग की छवि को गहरा नुकसान पहुंचाया है। खासतौर पर बोइंग 737 मैक्स मॉडल के दो भयानक हादसों के बाद कंपनी को कानूनी, आर्थिक और नैतिक स्तर पर बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। विशेषज्ञों और वैश्विक एविएशन नियामकों ने बोइंग पर यह आरोप भी लगाया कि कंपनी ने व्यापारिक लाभ के लिए सुरक्षा मानकों से समझौता किया।
जापान में हुआ अब तक का सबसे बड़ा हादसा
कंपनी के बोइंग 747 एस.आर. मॉडल का सबसे बड़ा हादसा 1985 में जापान में हुआ था। उस समय जापान एयरलाइंस की उड़ान संख्या 123 का हाइड्रोलिक सिस्टम टेकऑफ के बाद फेल हो गया और विमान एक पहाड़ी से टकरा गया। इस हादसे में 520 लोगों की मौत हुई, और यह अब तक के विमान हादसों में सबसे ज़्यादा मौतों वाला हादसा माना जाता है। उसी साल 1985 में एयर इंडिया के विमान हादसे में 329 लोगों की जान गई थी।
2018 में इंडोनेशिया की लायन एयर द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा बोइंग 737 मैक्स विमान हादसे का शिकार हो गया, जिसमें 189 लोगों की जान गई। 2019 में इथियोपियन एयरलाइंस का बोइंग 737 मैक्स विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें 157 लोगों की मौत हो गई।
बोइंग ने माना गुमराह किया था
बोइंग ने अमेरिकी न्याय विभाग की जांच के निपटारे के लिए 2.5 बिलियन डॉलर का भुगतान करने पर सहमति जताई थी और यह स्वीकार किया था कि कंपनी ने 737 मैक्स की सुरक्षा को लेकर नियामकों को गुमराह किया था। इस राशि में पीडि़तों के परिवारों के लिए 500 मिलियन डॉलर का फंड भी शामिल था। इस तरह कई अन्य हवाई हादसों में भी बोइंग ही इकलौती ऐसी कंपनी है जिसके ऐयरक्राफ्ट हादसों का शिकार होते रहे हैं।
यह भी देखें : अहमदाबाद हादसे में पीडि़त मां ने कहा बेटी फोन बज रहा है मुझे उम्मीद है…
More Stories
दिवाली पर मिलेगा सस्ते हवाई सफर का तोहफा, एयरलाइंस बढ़ाएंगी उड़ानें
पाकिस्तान से लेकर म्यांमार तक फिर कांपी धरती, भारत में भी भूकंप के झटके
सुरक्षा बलों की गोलीबारी में हुई मौतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए: वांगचुक