नई दिल्ली, 22 फरवरी : नरेंद्र मोदी और लुई इनासियो लूला दा सिल्वा के बीच हुई वार्ता के बाद भारत और ब्राज़ील ने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 30 अरब डॉलर सालाना करने का लक्ष्य तय किया है। दोनों देशों ने अहम खनिजों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए।
रणनीतिक साझेदारी पर जोर
दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना सहित कई क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने का संकल्प लिया। मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों में रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने पर भी सहमति बनी। ब्राज़ील के राष्ट्रपति इस समय भारत के पांच दिवसीय दौरे पर हैं। वे ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट सम्मेलन’ में भाग लेने के साथ प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं।
संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्राज़ील, लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और 30 अरब डॉलर का वार्षिक व्यापार लक्ष्य दोनों देशों के पारस्परिक विश्वास का प्रतीक है।
अहम खनिज और डिजिटल साझेदारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि अहम खनिजों पर हुआ समझौता मजबूत सप्लाई चेन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दोनों देशों ने डिजिटल साझेदारी पर संयुक्त घोषणा-पत्र जारी करने पर सहमति जताई। साथ ही खनन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), स्वास्थ्य सेवा और पारंपरिक ज्ञान प्रणाली के क्षेत्र में सहयोग के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
रक्षा सहयोग में निरंतर वृद्धि
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों का सहयोग लगातार बढ़ रहा है और यह आपसी विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भारत और ब्राज़ील वैश्विक मंचों पर मिलकर काम करते रहेंगे और ‘ग्लोबल साउथ’ की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री ने भारत–मर्कोसुर व्यापार समझौते का भी जिक्र करते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे।
यह भी देखें : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत अन्य पर POCSO के तहत केस दर्ज करने का आदेश

More Stories
पायलट स्मित माछर की तबीयत में सुधार, भारतीय राजदूत ने की मुलाकात
राहुल गांधी ने बालाघाट में बैगा आदिवासियों से की मुलाकात, बोले- ये देश के मालिक, इन्हें हक मिले
दिल्ली में किशोरी से गैंगरेप और फिर हत्या, शव को कुत्तों ने नोंचा, चार आरोपी गिरफ्तार