पटना, 05 सितंबर 2026: बिहार में नदियों के बढ़े जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सीएम सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं । राज्य के 11 जिलों पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार और अरवल के कुल 50 प्रखंडों की 201 पंचायतों में लगभग 10.26 लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है । इस आपदा से निपटने और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर पर कदम उठाए गए हैं।
बाढ़ पीड़ितों को सुलभ स्वास्थ्य सुविधा और सुरक्षित आवागमन प्रदान करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में 50 चिकित्सा शिविर, 19 वोट एम्बुलेंस और 36 पशु चिकित्सा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। विस्थापित और प्रभावित आबादी के निष्क्रमण व आवागमन को सुगम बनाने के लिए कुल 858 नावों का परिचालन कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के बीच अब तक लगभग 12,000 से अधिक पॉलीथीन शीट और लगभग 2300 ड्राई राशन पैकेट का वितरण किया जा चुका है।
बाढ़ प्रभावित लोगों को दो समय गर्म भोजन उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न जिलों में कुल 38 सामुदायिक रसोई केंद्रों का संचालन किया जा रहा है, जहां अब तक लगभग 1.21 लाख लोगों को भोजन (थाली) कराया गया है । इसके अतिरिक्त वैशाली जिले में 1 राहत शिविर भी संचालित किया जा रहा है, जहां लगभग 326 बाढ़ पीड़ित शरणार्थियों के लिए आवासन, भोजन और चिकित्सा इत्यादि की मुकम्मल व्यवस्था की गई है।
संभावित खतरों से निपटने और त्वरित राहत व बचाव कार्य के लिए राज्य में एनडीआरएफ की 07 और एसडीआरएफ की 27 टीमों को विभिन्न प्रभावित जिलों में तैनात किया गया है। पटना के गांधीघाट (50.57 मीटर), बंका घाट (49.45 मीटर) और पंडारक (43.79 मीटर) में गंगा नदी का जलस्तर सर्वोच्च जलस्तर (एचएफएल) से ऊपर बह रहा है, जबकि गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और घाघरा नदी विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर हैं। सारण जिले के माही नदी में त्रिलोकचक में 20 मीटर में तटबंध क्षतिग्रस्त हुआ है । मौके पर एसडीआरएफ को भेजा गया है।
यह भी देखें: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त

More Stories
दिल्ली विश्वविद्यालय में SRCC के शताब्दी समारोह में पहुंचे पीएम मोदी
जंतर-मंतर प्रदर्शन में लाठीचार्ज से नाराज जस्टिस भुइयां ने जताई गहरी चिंता
दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया, संसद मार्ग थाने पर हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन