February 4, 2026

ग्रीस के एजीयन सागर में नाव हादसा, 14 की मौत

ग्रीस के एजीयन सागर में नाव...

एथेंस, 4 फरवरी : ग्रीस के एजीयन सागर में चिओस द्वीप के पास मंगलवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। तुर्की तट से प्रवासियों को लेकर आ रही एक छोटी नाव की ग्रीक कोस्ट गार्ड के गश्ती जहाज से टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 14 प्रवासियों की मौत हो गई। कोस्ट गार्ड अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने चिओस की ओर बढ़ रही एक संदिग्ध नाव को देखा और उसे वापस लौटने का निर्देश दिया।

अधिकारियों का दावा है कि मानव तस्करों ने जानबूझकर नाव का रुख कोस्ट गार्ड के जहाज की ओर मोड़ दिया, जिससे दोनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हालांकि, टक्कर के वास्तविक कारणों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

बचाव अभियान और जनहानि

अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई प्रवासियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसे में कोस्ट गार्ड के दो अधिकारी भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नाव पर सवार प्रवासियों की राष्ट्रीयता (नागरिकता) का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन उनकी पहचान की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।

लापता लोगों की तलाश जारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पर करीब 30 से 35 लोग सवार थे। आशंका है कि कई लोग अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए व्यापक खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें कोस्ट गार्ड के जहाजों के साथ-साथ निजी नावें और पेशेवर गोताखोर भी शामिल हैं।

यह भी देखें : कनाडा में फिरौती हिंसा पर बवाल, हथियार लाइसेंस देने की मांग से छिड़ा विवाद