जींद, 9 जून 2026: जींद पुलिस ने यूपी के बुलडोजर मॉडल पर अमल करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नरवाना की चमेंला कॉलोनी में पुलिस ने 27 नशा तस्करों के अवैध कब्जों और निर्माणों को बुलडोजर से गिरा दिया।
भारी पुलिस बल, सीआईए टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कई घंटों तक यह कार्रवाई चली। जिन निर्माणों को ध्वस्त किया गया, उन्हें पहले ही जिला नगर योजनाकार ने अवैध घोषित कर नोटिस जारी कर दिए थे।
बुलडोजर की गर्जना के बीच कई परिवार रोते नजर आए। कुछ लोगों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी और वादा किया कि अब उनके परिवार का कोई सदस्य नशा नहीं बेचेगा। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
प्रशासन का साफ संदेश है कि नशे के कारोबार से संपत्ति कमाने वालों पर सिर्फ कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों पर भी आर्थिक चोट की जाएगी।
उप पुलिस अधीक्षक कमलदीप राणा ने कहा कि जींद पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा, “मुख्यमंत्री और डीजीपी का संदेश बहुत स्पष्ट है। या तो नशे का कारोबार छोड़ दो, वरना कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहो।”
पुलिस ने साफ कर दिया है कि जींद में नशा तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है। ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नशे के कारोबार से अर्जित हर अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलता रहेगा।
यह भी देखें: ‘संभल मस्जिद पर बुलडोजर की कार्रवाई नहीं रुकेगी’ : हाईकोर्ट

More Stories
पानीपत में NIA का अचानक छापा, मंजीत सैनी के घर पर साढ़े तीन घंटे चली पूछताछ
ऑर्गेनिक कार्बन एनालिसिस किट खरीदेगी राज्य सरकार – श्याम सिंह राणा
सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तान जासूसी मामले में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की जमानत याचिका खारिज की