चंडीगढ़, 28 नवंबर 2026: पशु कल्याण और बेसहारा पशुधन की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए ऐतिहासिक फैसला लेते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य भर की 520 पंजीकृत गौशालाओं, जिनमें 500 गौशालाएं और 20 सरकारी कैटल पॉन्ड शामिल हैं, के लिए एक ही किस्त में 100 करोड़ रुपये का अनुदान जारी करने को मंजूरी दी गई है।
पंजाब भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह घोषणा करते हुए, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री और ‘आप’ पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा ने बताया कि यह राशि अगले दो-तीन दिनों के भीतर संबंधित गौशालाओं को ट्रांसफर कर दी जाएगी। उन्होंने इस फैसले को गौ भक्तों और पशु कल्याण के लिए काम करने वाली सामाजिक संस्थाओं की चिरकालिक मांग को पूरा करने की दिशा में अहम कदम बताया।
इस फैसले के ऐतिहासिक महत्व को उजागर करते हुए, कैबिनेट मंत्री और ‘आप’ पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा ने कहा, “यह बेसहारा पशुधन के कल्याण और उनकी समुचित देखभाल सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है। पंजाब के इतिहास में पहली बार, मान सरकार ने राज्य भर की सभी पंजीकृत गौशालाओं को, चाहे वे शहरी क्षेत्र में हों या ग्रामीण क्षेत्र में, और चाहे सरकार द्वारा संचालित हों या निजी, वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है।”
पुरानी फंडिंग नीति की असमानताओं के बारे में बताते हुए मंत्री ने कहा, “पहले, वित्तीय सहायता केवल शहरी नगरपालिका सीमाओं के भीतर स्थित 228 गौशालाओं तक ही सीमित थी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही 272 गौशालाओं को कोई सरकारी फंड नहीं मिलता था। इस कारण ग्रामीण संस्थाओं को पशु कल्याण में पाए गए अहम योगदान के बावजूद, संसाधनों की भारी कमी का सामना करना पड़ता था।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ हाल ही में हुई एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक का जिक्र करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा, “बैठक के दौरान यह देखा गया कि जहां शहरी गौशालाओं को अक्सर समुदाय द्वारा दान और चारे की मदद मिल जाती है, वहीं ग्रामीण गौशालाओं को बेसहारा पशुधन की संभाल संबंधी गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सरकार ने इस अंतर पर ध्यान दिया है और यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी पंजीकृत गौशाला अपनी स्थिति या प्रबंधन के कारण वित्तीय सहायता से वंचित न रहे।”
वित्तीय वितरण के बारे में विवरण देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा, “100 करोड़ रुपये के इस अनुदान से इन 520 गौशालाओं में रखे गए लगभग 2.20 लाख पशुधन को सीधा लाभ मिलेगा। यह सहायता गौशाला प्रबंधकों को पौष्टिक चारा, पशुओं की दवाइयां, इलाज और गौशालाओं की देखभाल से संबंधित जरूरी खर्चों को पूरा करने में मदद करेगी, जिससे पशुधन की बेहतर देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।”
ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब

More Stories
‘खुशहाल पंजाब’ मोगा रैली में 2 लाख लोगों का रिकॉर्ड जनसैलाब, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बजाया चुनावी बिगुल
पंजाब की महिलाएं घर के पुरुषों को ‘‘आप’’ को वोट देने के लिए करें तैयार- केजरीवाल
पंजाब सरकार द्वारा नगर निगम/नगर पालिका के पुनः चुनावों के लिए संबंधित क्षेत्रों में 28 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा