December 1, 2025

पंजाब में निवेश बढ़ाने के लिए 10 दिवसीय जापान दौरे पर सीएम मान

पंजाब में निवेश बढ़ाने के लिए ...

चंडीगढ़, 30 नवम्बर : हरियाणा के बाद अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जापान जा रहे हैं। वह बड़ी जापानी कंपनियों को पंजाब में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे और उनसे पंजाब में आयोजित होने वाले निवेश सम्मेलन में शामिल होने की अपील भी करेंगे। मुख्यमंत्री 1 दिसंबर से 10 दिसंबर तक जापान के दौरे पर रहेंगे। उनके साथ उद्योग एवं बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और संबंधित विभागों के अधिकारी भी होंगे।

एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान टोक्यो और सपोरो में उद्योग जगत के बड़े नामों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही उन्हें 13 से 15 मार्च 2026 तक होने वाले छठे प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन में शामिल होने का न्योता भी देंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए राजनीतिक मंजूरी मांगी गई है। दिलचस्प बात यह है कि इन दिनों पंजाब में जिला परिषद और ब्लॉक समिति के चुनाव भी होने हैं, जिनके लिए उम्मीदवारों का चयन होना बाकी है।

बताया जाता है कि इसे लेकर आज दिल्ली में पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ बैठकें भी हो रही हैं। मुख्यमंत्री के जापान दौरे तक पंजाब में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। गौरतलब है कि इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अक्टूबर के पहले सप्ताह में जापान गए थे।

यह भी देखें : दीवारों पर लिख दिया ‘चिट्टा यहां मिलता है’, गांव वालों ने पुलिस को भगाया