March 17, 2026

गौशाला में भूख से मर रहीं गायें, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

गौशाला में भूख से मर रहीं गायें, कांग्रेस...

रूपनगर, 17 मार्च : जिला प्रशासन के अधीन चल रही गांव सुखेमाजरा की गौशाला में गायों की हालत बेहद खराब होने का मामला सामने आया है। पूर्व स्पीकर राणा केपी सिंह ने आरोप लगाया है कि गौशाला में भूखमरी के कारण गायों की मौत हो रही है, जबकि सरकार जनता से करोड़ों रुपये का गौ-सेस वसूल रही है।

100 से ज्यादा गायों की हो चुकी मौत

राणा केपी सिंह ने बताया कि गौशाला में करीब 326 गायें हैं, लेकिन दुखद बात यह है कि 100 से अधिक गायों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले यह गौशाला संत अमोलकानंद द्वारा चलाई जाती थी, तब यहां बेहतर प्रबंध थे। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जो गाय मर जाती है, उसे गौशाला के परिसर में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया जाता है। कांग्रेस पार्टी ने इस मामले में गौशाला प्रबंधन की कड़ी निंदा की है।

3 दिन में सुधार नहीं हुआ तो भूख हड़ताल

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर गौशाला की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेगी। साथ ही, मामले की न्यायिक या केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर केस दर्ज करने की मांग की गई है।

राणा केपी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न माध्यमों से गौ-सेस वसूल रही है—

  • चार पहिया वाहन रजिस्ट्रेशन पर 1000 रुपये
  • दोपहिया पर 200 से 500 रुपये
  • शराब पर प्रति बोतल 5 से 10 रुपये
  • बिजली पर प्रति यूनिट 2 रुपये
  • मैरिज पैलेस (AC/Non-AC) पर भी टैक्स

इसके बावजूद गौशालाओं में सुविधाओं की कमी चिंताजनक है।

हिमाचल टैक्स बढ़ोतरी का भी विरोध

उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा पंजाब से आने वाले वाहनों पर टैक्स बढ़ाने को भी निंदनीय बताया। इस मुद्दे पर भूपेश बघेल और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बातचीत कर रहे हैं। राणा केपी सिंह ने कहा कि यदि समाधान नहीं निकला तो कांग्रेस इस बढ़े हुए टैक्स के खिलाफ आंदोलन करेगी। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित कई स्थानीय नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने गौशाला की स्थिति सुधारने की मांग दोहराई।

यह भी देखें : पंजाब के 26 IAS और 7 IPS अधिकारी चुनाव ड्यूटी पर तैनात