March 21, 2026

क्यूबा ने अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति पद को लेकर रखे प्रस्ताव को खारिज किया

क्यूबा ने अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति पद को लेकर...

हवाना, 21 मार्च : क्यूबा ने अमेरिका के उस प्रस्ताव को सख्ती से खारिज कर दिया है, जिसमें क्यूबा की राजनीतिक व्यवस्था और राष्ट्रपति पद को बातचीत का हिस्सा बनाने की बात कही गई थी। क्यूबा ने स्पष्ट किया कि उसकी संप्रभुता और नेतृत्व किसी भी तरह की सौदेबाजी का विषय नहीं है। उप विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडीज डे कोसियो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देश की राजनीतिक व्यवस्था और किसी भी अधिकारी का पद अमेरिका के साथ बातचीत का हिस्सा नहीं बन सकता।

अमेरिका पर दबाव बनाने का आरोप

रिपोर्ट्स के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल को सत्ता से हटाने की कोशिश कर रहा था। इसके तहत आर्थिक समझौते के बदले उनके इस्तीफे की शर्त रखी गई थी। क्यूबा ने हाल ही में अमेरिका के साथ बातचीत शुरू करने की पुष्टि की थी। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिकी प्रतिबंधों, खासकर तेल पाबंदियों के कारण क्यूबा गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है।

क्यूबा का सख्त जवाब

राष्ट्रपति डियाज-कैनेल ने कहा कि क्यूबा किसी भी बाहरी दबाव या संभावित आक्रामक कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार है और देश को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका क्यूबा में वैसा ही मॉडल अपनाना चाहता है जैसा वेनेजुएला में देखा गया, जहां राष्ट्रपति को हटाकर नई सरकार के साथ तालमेल बनाने की कोशिश की गई थी।

जटिल मुद्दों पर बातचीत संभव

क्यूबा के विदेश मंत्रालय ने कहा कि व्यापार, प्रतिबंधों से हुए नुकसान का मुआवजा और 1959 की क्रांति के दौरान अधिग्रहित संपत्तियों जैसे मुद्दों पर बातचीत हो सकती है। क्यूबा ने साफ कर दिया है कि वह केवल बराबरी के आधार पर बातचीत के लिए तैयार है और किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव को स्वीकार नहीं करेगा।

यह भी देखें : ईरान के खिलाफ जंग लड़ रहे अमेरिका ने ईरानी तेल खरीद के लिए दी छूट!