January 7, 2026

गूगल में साफ्टवेयर इंजीनियर बनी बेटी ने माता पिता का नाम किया रोशन

गूगल में साफ्टवेयर इंजीनियर बनी बेटी...

सोनीपत, 18 नवम्बर : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी की प्रतिभाशाली छात्रा रिया अरोड़ा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से एक नया मुकाम हासिल किया है। हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली रिया गूगल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। 22 साल की उम्र में रिया को 57 लाख का सालाना पैकेज मिला है। गौरतलब है कि रिया का चयन उनकी डिग्री पूरी होने से चार महीने पहले ही हो गया था।

गुरुवार को आयोजित 13वें दीक्षांत समारोह में रिया को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक और संस्थान का रजत पदक प्रदान किया गया। उनकी यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गौरव की बात है, बल्कि देश भर की लड़कियों के लिए प्रेरणा भी है।

राष्ट्रपति पदक प्राप्त करना एक सपने जैसा

रिया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शिव शिक्षा सदन, सोनीपत से प्राप्त की। 12वीं पास करने के बाद, उन्हें आईआईटी मंडी में दाखिला मिल गया। अपनी सफलता पर रिया ने कहा कि संस्थान में उनका सफ़र अद्भुत रहा। उन्होंने जो कुछ भी सीखा, यहीं सीखा। राष्ट्रपति पदक प्राप्त करना एक सपने जैसा लगता है। कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी इस मुकाम तक पहुँच सकता है।

उन्होंने जूनियर्स को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने, कड़ी मेहनत करने और खुद पर विश्वास रखने के लिए प्रोत्साहित किया। रिया के पिता डॉ. हरिंदर पाल और माता गुंजन अरोड़ा ने अपनी बेटी की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि रिया ने अपने परिवार और देश का नाम रोशन किया है। उसकी कड़ी मेहनत और लगन से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है।

यह भी देखें : अवधि पूरी कर चुकी सी.टी.यू. बसें जल्द होंगी बंद