March 3, 2026

ईरान-इज़राइल टकराव के बीच दुबई से भारत के लिए उड़ानें फिर शुरू

ईरान-इज़राइल टकराव के बीच दुबई से...

मुंबई, 3 मार्च : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और इज़राइल-ईरान के बीच हुई सैन्य कार्रवाई के चलते प्रभावित हवाई सेवाएं अब धीरे-धीरे बहाल की जा रही हैं। मंगलवार को दुबई से Emirates की फ्लाइट (EK 500) मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुरक्षित उतरी, जिससे पिछले कई दिनों से फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली।

दुबई में तनावपूर्ण माहौल

यात्रियों ने बताया कि दुबई में स्थिति काफी तनावपूर्ण थी और लगातार उड़ानें रद्द होने से अनिश्चितता का माहौल बना हुआ था। दुबई एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की है कि 2 मार्च की शाम से सीमित संख्या में उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है। दुबई से लौटे एक यात्री ने बताया कि उड़ानें रद्द होने के बाद Emirates ने सभी यात्रियों के लिए होटल में ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था की।

इसी तरह अबू धाबी से बेंगलुरु पहुंचे यात्रियों ने Etihad Airways की सेवाओं की भी सराहना की।

28 फरवरी के हमलों के बाद प्रभावित हुई थीं सेवाएं

गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका-इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई के चलते पूरे क्षेत्र में हवाई सेवाएं प्रभावित हो गई थीं। हालांकि अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जा रहा है।