March 21, 2026

निवेशकों को गुमराह करने के मामले में एलन मस्क दोषी करार

निवेशकों को गुमराह करने के मामले में...

सैन फ्रांसिस्को, 21 मार्च : एलन मस्क को 2022 में ट्विटर अधिग्रहण सौदे के दौरान निवेशकों को गुमराह करने के मामले में दोषी ठहराया गया है। सैन फ्रांसिस्को की ज्यूरी ने माना कि मस्क के बयानों से निवेशकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। अदालत ने मस्क को निवेशकों को गुमराह करने का दोषी पाया और प्रभावित निवेशकों को प्रति शेयर 3 से 8 डॉलर तक मुआवजा देने का आदेश दिया। कुल मुआवजा करीब 2.1 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

शेयर कीमत गिराने के आरोप

ज्यूरी ने माना कि मस्क ने जानबूझकर ऐसे बयान दिए, जिससे ट्विटर के शेयरों की कीमत में गिरावट आई। इससे हजारों निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि अदालत ने मस्क को धोखाधड़ी से जुड़े कुछ गंभीर आरोपों से बरी कर दिया, यह कहते हुए कि उन्होंने कोई पूरी तरह से योजनाबद्ध साजिश नहीं रची थी।

विवाद की जड़: 2022 के ट्वीट

पूरा मामला मई 2022 के उन ट्वीट्स से जुड़ा है, जिनमें मस्क ने ट्विटर डील को “अस्थायी रूप से रोकने” की बात कही थी। उन्होंने कंपनी में फर्जी और स्पैम (बॉट) अकाउंट्स की संख्या पर सवाल उठाए थे। मस्क ने अदालत में कहा कि ट्विटर प्रबंधन ने उन्हें गलत जानकारी दी थी। वहीं निवेशकों के वकीलों का तर्क था कि मस्क ने जानबूझकर ऐसा किया ताकि 44 अरब डॉलर की डील की कीमत कम कर सकें या उससे पीछे हट सकें।

बड़े अधिकारियों की गवाही

मामले की सुनवाई करीब तीन हफ्ते चली, जिसमें ट्विटर के पूर्व सीईओ पराग अग्रवाल और पूर्व CFO नेड सेगल समेत कई अधिकारियों ने गवाही दी। निवेशकों का कहना है कि मस्क के बयानों के बाद ट्विटर के शेयरों में लगभग 40% तक गिरावट आई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। निवेशकों के वकील जोसेफ कोचेट ने फैसले के बाद कहा कि यह निर्णय स्पष्ट संदेश देता है कि कोई भी व्यक्ति, चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी मस्क को टेस्ला से जुड़े एक ट्वीट मामले में कोर्ट जाना पड़ा था, लेकिन उस मामले में उन्हें राहत मिल गई थी। इस बार ज्यूरी ने निवेशकों के पक्ष में फैसला सुनाया है।

यह भी देखें : क्यूबा ने अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति पद को लेकर रखे प्रस्ताव को खारिज किया