चंडीगढ़, 22 जून 2026: पंजाब पुलिस ने सभी जिलों में महत्वपूर्ण जंक्शनों पर रणनीतिक नाके स्थापित कर पुलिसिंग को और सुदृढ़ किया है। यात्रियों और आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा पहुंचाते हुए प्रभावी पुलिसिंग पर ध्यान केंद्रित करने वाली इस पहल ने अनेक आपराधिक गतिविधियों को रोकने में मदद की है।
इसके परिणामस्वरूप कई अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की महत्वपूर्ण बरामदगी भी हुई है।
‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के अंतर्गत लगाए गए इन नाकों से पुलिस की मौजूदगी बढ़ी है तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता मजबूत हुई है। ये नाके जिलों में सक्रिय अपराधियों, नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए एक प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं।
हाल ही में नाकों पर चलाए गए अभियानों के महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए हैं। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनके कब्जे से दो 9 एमएम सब-मशीन गन तथा ‘गफ्फार सिक्योरिटी’ लिखी एक खाली मैगजीन बरामद की।
अमृतसर पुलिस ने एक अन्य नाके पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 2.1 किलोग्राम हेरोइन और सात आधुनिक पिस्तौल बरामद किए। इनमें तुर्की निर्मित 9 एमएम ग्लैडिएटर, 9 एमएम जिगाना एक्स-शॉट, इटली निर्मित .30 बोर बेरेटा, चीन निर्मित .30 बोर जिगाना, ऑस्ट्रिया निर्मित .30 बोर पिस्तौल तथा चीन निर्मित दो .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।
एक अन्य कार्रवाई में गुरदासपुर पुलिस ने दीनानगर में एक स्कूटर को नाके पर रोककर पति-पत्नी को 253 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। इसी क्षेत्र में पनियार शुगर मिल के निकट लगाए गए नाके के दौरान एक अन्य आरोपी को छह पैकेटों में पैक की गई 3 किलोग्राम हेरोइन तथा 2.25 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया गया।
लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए थाना लाडोवाल क्षेत्र में लगाए गए एक नाके पर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए। पुलिस टीमों ने दो .30 बोर और एक .315 बोर सहित तीन पिस्तौल तथा 11 जिंदा कारतूस बरामद किए। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा बिना पंजीकरण नंबर वाला बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया गया।
यह भी देखें: पंजाब पुलिस ने ‘युवा सांझ’ कार्यक्रम को तेज किया, भटके युवाओं तक पहुंच बढ़ाई

More Stories
पंजाब सरकार ने पिछले तीन वर्षों में वृद्धाश्रमों के लिए 15.70 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी – डॉ. बलजीत कौर
विधवा एवं निराश्रित महिलाओं के लिए 305 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता जारी – डॉ. बलजीत कौर
जत्थेदार साहिब अब सुखबीर बादल को तलब कर पूछें कि वह वीडियो के बारे में दावे क्यों कर रहे थे – बलतेज पन्नू