ढाका, 22 जनवरी : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में उस समय हलचल मच गई जब बांग्लादेश सरकार ने आधिकारिक रूप से आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बहिष्कार का ऐलान कर दिया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने साफ कर दिया है कि जब तक टूर्नामेंट का वेन्यू भारत से बदलकर श्रीलंका नहीं किया जाता, तब तक उनकी टीम प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी की चेतावनियों और अल्टीमेटम को दरकिनार करते हुए यह फैसला लिया है। इस फैसले ने आईसीसी के सामने एक गंभीर संकट खड़ा कर दिया है और पूरे टूर्नामेंट के शेड्यूल पर सवालिया निशान लग गए हैं। दूसरी ओर, आईसीसी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि टूर्नामेंट के मैच भारत से बाहर नहीं ले जाए जाएंगे।
सुरक्षा और राजनीतिक हालात बने वजह
बांग्लादेश ने इस बड़े फैसले के पीछे सुरक्षा और मौजूदा राजनीतिक हालात को मुख्य कारण बताया है। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरूल ने आईसीसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि परिषद खिलाड़ियों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर रही है और बांग्लादेश के साथ न्याय नहीं हो रहा। आसिफ नजरूल ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर बांग्लादेश सरकार, क्रिकेट बोर्ड और खिलाड़ी पूरी तरह एकमत हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा और इसी कारण भारत में खेलने से इनकार किया गया है।
खिलाड़ियों की बैठक में लिया गया फैसला
जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी को खिलाड़ियों और खेल सलाहकार के बीच एक अहम बैठक हुई थी। इस बैठक में खिलाड़ियों से राय ली गई, जिसमें उन्होंने भारत में खेलने से साफ इनकार कर दिया। खिलाड़ियों ने मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। दरअसल, पिछले कुछ समय से भारत और बांग्लादेश के संबंधों में तल्खी देखने को मिल रही है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर कथित अत्याचारों के बाद यह विवाद क्रिकेट तक पहुंच गया। इसी तनाव के चलते मुस्ताफिजुर रहमान का आईपीएल अनुबंध समाप्त हुआ और बांग्लादेश ने आईपीएल के प्रसारण पर भी रोक लगा दी थी।

More Stories
भारत से हार के बाद पी.सी.बी. चेयरमैन पर भडक़े शोएब अख्तर, बाबर-मोहसिन को भी सुनाया
टी20 विश्व कप: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया, इशान किशन चमके
टी-20 विश्व कप : मैच के बीच स्टेडियम छोड़ते दिखे मोहसिन नकवी, वीडियो वायरल