April 3, 2026

नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर जैकब मार्टिन गिरफ्तार

नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में पूर्व भारतीय...

वडोदरा, 28 जनवरी : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी जैकब मार्टिन (Jacob Martin) को गुजरात के वडोदरा जिले में शराब पीकर गाड़ी चलाने और सड़क हादसा करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह घटना मंगलवार तड़के की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, 53 वर्षीय जैकब मार्टिन मंगलवार तड़के करीब 2:30 बजे अपनी लग्जरी MG हेक्टर कार से अकोटा इलाके की पुनीत नगर सोसाइटी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में उनका वाहन से नियंत्रण हट गया।

तीन खड़ी कारों को मारी टक्कर

नियंत्रण खोने के कारण मार्टिन की कार सड़क किनारे खड़ी तीन अन्य कारों से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों कारों को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के तुरंत बाद कार मालिकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जैकब मार्टिन को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और शराब पीकर उत्पात मचाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

रंजी कप्तान और टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी

गौरतलब है कि जैकब मार्टिन बड़ौदा रणजी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं। उन्होंने भारत के लिए 10 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (ODI) मैच खेले हैं और घरेलू क्रिकेट में उनका नाम जाना-पहचाना रहा है। यह पहली बार नहीं है जब जैकब मार्टिन विवादों में फंसे हों। इससे पहले वर्ष 2011 में दिल्ली पुलिस ने उन्हें मानव तस्करी (Human Trafficking) के गंभीर आरोपों के तहत भी गिरफ्तार किया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी देखें : नकली और घटिया बीज कारोबार पर कड़ा प्रहार करने की तैयारी में मोदी सरकार