लाहौर, 28 जनवरी : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं किया है। पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आज यहां प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पुष्टि की कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा हुई है।
अंतिम फैसला कुछ दिनों में
मोहसिन नकवी ने ट्वीट कर बताया, “आज मेरी प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई और उन्हें आईसीसी से जुड़े मामलों की जानकारी दी गई। इस पर सहमति बनी है कि अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा।” सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान के पूरे टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की संभावना पर भी विचार हुआ है। वहीं, यदि पाकिस्तान टी20 विश्व कप में हिस्सा लेता है तो भारत के खिलाफ होने वाले हाई-प्रोफाइल मुकाबले का बहिष्कार करने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। यह मुकाबला 15 फरवरी को प्रस्तावित है।
बांग्लादेश को समर्थन देने की बात
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पीसीबी चेयरमैन से कहा कि पाकिस्तान को बांग्लादेश को हरसंभव सहयोग देना चाहिए, जिसे हाल ही में 7 फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।
सभी विकल्पों पर मंथन
बैठक में प्रधानमंत्री को सभी पहलुओं से अवगत कराया गया, जिनमें पाकिस्तान द्वारा विश्व कप के लिए टीम न भेजने या पूरे टूर्नामेंट में भाग न लेने की संभावना भी शामिल है। फिलहाल पीसीबी और सरकार के बीच विचार-विमर्श जारी है और अंतिम फैसला अगले कुछ दिनों में सामने आने की उम्मीद है।

More Stories
4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगी रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी, 15 महीने पहले हुई थी सगाई
भारत आठवीं बार बना विमेंस एशिया कप चैंपियन, नकवी से ट्रॉफी लेने से किया इनकार
एशियन गेम्स में भारत का दूसरा गोल्ड, एयर पिस्टल मिक्स्ड में कमलजीत-सुरुची का कमाल