नई दिल्ली, 2 नवम्बर : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर अपने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए आईसीसी विश्व कप 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। इस महिला विश्व कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा जरूर रहा, लेकिन उसने अहम मैच जीतकर फाइनल तक का रास्ता पक्का कर लिया।
अब टीम इंडिया के पास 52 साल का इंतजार खत्म कर पहली बार खिताब जीतकर विश्व कप ट्रॉफी जीतने का सुनहरा मौका है। अगर भारतीय टीम विश्व कप जीत जाती है, तो उसे आईसीसी की ओर से करोड़ों रुपये की इनामी राशि मिलेगी, वहीं बीसीसीआई ने भी इसके लिए अहम तैयारियां कर ली हैं।
ट्रॉफी जीतने पर 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि
बीसीसीआई ने 2024 में टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय पुरुष टीम के लिए 125 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की थी। बीसीसीआई के पूर्व सचिव और अब आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने पुरुष और महिला टीमों के लिए समान वेतन की वकालत की थी। तब से, सभी खिलाड़ियों को समान मैच फीस का भुगतान किया जाता है। बीसीसीआई अब महिला टीम को विश्व कप ट्रॉफी जीतने पर उतनी ही पुरस्कार राशि देने पर विचार कर रहा है जितनी पुरुष टीम को टी20 विश्व कप जीतने पर मिली थी।
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि बीसीसीआई पुरुषों और महिलाओं के लिए समान वेतन का समर्थन करता है, इसलिए इस बात की काफी चर्चा हुई है कि अगर महिला टीम विश्व कप जीतती है, तो पुरस्कार राशि पुरुषों के विश्व कप से कम नहीं होगी। हालांकि, ट्रॉफी जीतने से पहले इसकी घोषणा करना अच्छा विचार नहीं है।
फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेंगे
आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा, जिसने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रनों से करारी शिकस्त दी थी। अफ्रीकी टीम ने लीग चरण में भी शानदार प्रदर्शन किया था और अपने सात मैचों में से केवल दो में ही हार का सामना किया था। एक समय तो भारतीय महिला टीम के खिलाफ लीग चरण के मुकाबले में अफ्रीकी टीम की हार तय लग रही थी, लेकिन नादिन डी क्लार्क की शानदार नाबाद 84 रनों की पारी ने उनकी टीम की तीन विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई।
यह भी देखें : टी20 : ऑस्ट्रेलिया ने भारत को चार विकेट से हराया

More Stories
भारतीय महिला टीम ने रिकर्व आर्चरी में पहली बार जीता गोल्ड
4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगी रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी, 15 महीने पहले हुई थी सगाई
भारत आठवीं बार बना विमेंस एशिया कप चैंपियन, नकवी से ट्रॉफी लेने से किया इनकार