February 8, 2026

रूस की यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्रों पर चाकू से हमला, 4 जख्मी

रूस की यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्रों पर...

मॉस्को/उफ़ा, 8 फरवरी : रूस के बशकोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक मेडिकल यूनिवर्सिटी में शनिवार को हुए चाकू हमले में कम से कम छह लोग घायल हो गए। घायलों में चार भारतीय छात्र भी शामिल हैं। भारत के दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, चाकू से लैस एक युवक उफ़ा शहर में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में घुसा और वहां रह रहे छात्रों पर अचानक हमला कर दिया। रूस के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने बताया कि हमलावर ने कई छात्रों को निशाना बनाया।

पुलिस पर भी किया हमला, दो अधिकारी घायल

RTVI.com की रिपोर्ट के मुताबिक, गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क ने बताया कि आरोपी ने गिरफ्तारी का विरोध किया। इस दौरान उसने दो पुलिस अधिकारियों को भी चाकू मार दिया। बाद में आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। रूसी संघ के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हमले में घायल चार लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीन अन्य की स्थिति स्थिर है।

15 वर्षीय आरोपी अस्पताल में भर्ती

बाज़ा टेलीग्राम चैनल के अनुसार, हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है। उसे भी गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। बाज़ा चैनल ने दावा किया है कि आरोपी का संबंध प्रतिबंधित नव-नाज़ी संगठन NS/WP से था। रिपोर्ट के अनुसार, हमले के दौरान वह होलोकॉस्ट को लेकर कट्टरपंथी नारे लगा रहा था। घटना स्थल पर दीवार पर खून से बना स्वस्तिक चिन्ह भी पाया गया है।

चश्मदीदों का बयान: हर तरफ खून ही खून

रेन टीवी द्वारा दिखाए गए फुटेज में एंबुलेंस वैनों के ज़रिए घायलों को अस्पताल ले जाते हुए देखा गया। चश्मदीदों के मुताबिक, हॉस्टल परिसर में चारों ओर खून फैला हुआ था, जिससे दहशत का माहौल बन गया।

यह भी देखें : यह भी देखें :