सैन फ्रांसिस्को, 24 जनवरी : अमेरिका की बहुराष्ट्रीय तकनीक और सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने किशोरों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ‘कैरेक्टर’ तक पहुंच पर अस्थायी रूप से रोक लगाने का फैसला किया है। कंपनी ने शुक्रवार को एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की मालिक मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक. ने बताया कि आने वाले कुछ हफ्तों तक किशोरों को AI कैरेक्टर (AI-आधारित डिजिटल पात्र) की सुविधा नहीं मिलेगी। यह पाबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक इसका नया और बेहतर संस्करण तैयार नहीं हो जाता।
किन उपभोक्ताओं पर लागू होगा फैसला
कंपनी के अनुसार, यह फैसला उन सभी उपभोक्ताओं पर लागू होगा जिन्होंने मेटा प्लेटफॉर्म पर अपनी जन्मतिथि दर्ज की है और जो नाबालिग प्रतीत होते हैं। इसके अलावा, यह रोक उन खातों पर भी लागू होगी जो खुद को वयस्क बताते हैं, लेकिन मेटा की आयु-अनुमान तकनीक के अनुसार नाबालिग लगते हैं। यह पाबंदी ऐसे समय में लगाई गई है जब मेटा, टिकटॉक और गूगल का यूट्यूब अगले सप्ताह लॉस एंजेलिस में बच्चों पर उनके ऐप्स के कथित नुकसानदेह प्रभावों को लेकर मुकदमों का सामना करने वाले हैं।
AI असिस्टेंट की सुविधा रहेगी जारी
हालांकि किशोर अभी भी मेटा के AI असिस्टेंट का इस्तेमाल कर सकेंगे, लेकिन वे AI कैरेक्टर तक पहुंच नहीं बना पाएंगे। बच्चों पर AI आधारित बातचीत के प्रभाव को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच अन्य कंपनियों ने भी किशोरों के लिए AI चैटबॉट पर रोक लगाई है। Character.ai ने पिछले साल ही किशोरों के लिए ऐसी पाबंदी का ऐलान किया था।
Character.ai पर कई बाल सुरक्षा से जुड़े मुकदमे चल रहे हैं। इनमें एक मामला उस मां द्वारा दायर किया गया है, जिसने आरोप लगाया कि कंपनी के चैटबॉट ने उसके किशोर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया था।

More Stories
भारत बना स्कैमर्स का नया अड्डा, एक साल में आईं 4,168 करोड़ स्पैम कॉल
OpenAI ने सीमित यूज़र्स के लिए शुरू किया ‘एड सपोर्ट’ अपडेट
आपको पता है क्यों की बोर्ड पर ABCDE की तरह एक पंक्ति में नहीं होते बटन?